Harvinder Kalyan: विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण व चुनाव आयुक्त देवेंद्र कल्याण की माता प्रेम कौर कल्याण का निधन

Published On

85 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस, गांव कुटेल की शिवपुरी में हुआ अंतिम संस्कार, अर्थी को कंधा देते वक्त भावुक हुए हरविंद्र कल्याण

घरौंडा (सच कहूँ न्यूज़)। Gharaunda News: हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण की माता प्रेम कौर कल्याण का शुक्रवार-शनिवार की रात करीब 12 बजे निधन हो गया। वे लगभग 85 वर्ष की थीं। परिवार के अनुसार उनकी तबीयत कुछ समय से खराब चल रही थी। करीब 15 दिन पहले उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद तबीयत में सुधार होने पर उन्हें घर ले आया गया था, लेकिन बीती रात अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण उनका निधन हो गया।

उस समय विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण (Harvinder Kalyan) चंडीगढ़ में थे। माता के निधन की सूचना मिलते ही वे तुरंत गांव कुटेल स्थित अपने फार्म हाउस पहुंचे। उनके पहुंचने के बाद परिवार में शोक का माहौल रहा।

शनिवार को दोपहर ढाई बजे गांव कुटेल की शिवपुरी में प्रेम कौर कल्याण का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान हरविंद्र कल्याण, समर सिंह कल्याण और देवेंद्र कल्याण सहित अन्य पुत्रों ने माता की अर्थी को कंधा दिया। अंतिम यात्रा के दौरान सभी भाई भावुक नजर आए। अंतिम संस्कार में शहर की राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारी भी पहुंचे। इसके अलावा बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

सोशल मीडिया के माध्यम से जताया शोक

विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने अपने सोशल मीडिया पेज के माध्यम से भी अपनी माता के निधन की जानकारी साझा की। इसके बाद प्रदेश और देश के कई बड़े नेताओं ने भी शोक व्यक्त किया। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और जेल मंत्री डा. अरविंद शर्मा सहित कई राजनीतिक हस्तियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से विधानसभा अध्यक्ष की माता के निधन पर गहरा दुख जताया और परिवार को सांत्वना दी।

राजनीति में सक्रिय रहा है कल्याण परिवार

हरविंद्र कल्याण (Harvinder Kalyan) भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हैं। वर्ष 2024 में वे हरियाणा विधानसभा के 18वें स्पीकर चुने गए थे। वे घरौंडा विधानसभा सीट से तीन बार विधायक भी रह चुके हैं। हरविंद्र कल्याण वर्ष 2015 से 2019 तक हैफेड के चेयरमैन भी रह चुके हैं। इसके अलावा वे सार्वजनिक लेखा समिति और अनुमानों की समिति के अध्यक्ष पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके भाई देवेंद्र सिंह कल्याण भारतीय राजस्व सेवा के पूर्व अधिकारी हैं। उन्हें वर्ष 2025 में हरियाणा राज्य निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किया गया था। वहीं उनके पिता देवी सिंह कल्याण हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन के पूर्व चेयरमैन रह चुके हैं।

मनोहर लाल ने जताया विस अध्यक्ष की मां के निधन पर शोक

केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल आज शाम को मधुबन के नजदीक कल्याण फार्म पहुंचे। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण की 87 वर्षीय माता प्रेम कौर के निधन पर दुख जताते हुए दिवंगत पुण्यात्मा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। ईश्वर से प्रार्थना की कि पुण्य आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और इस कठिन समय में परिवार को संबल प्रदान करे। उन्होंने कहा कि श्रीमती प्रेम कौर की स्मृति और नेक विचार हमेशा दिलों में जीवित रहेंगे। बोले-दुख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं परिवार के साथ हैं।

विधानसभा अध्यक्ष की मां के निधन का समाचार पाकर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल दिल्ली से शोक व्यक्त जताने कल्याण फार्म पहुंंचे। उन्होंने श्रीमती कौर को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। केंद्रीय मंत्री परिवार के सदस्यों से भी मिले और उन्हें सांत्वना दी। उल्लेखनीय है कि श्रीमती कौर का बीती रात निधन हो गया। वे काफी समय से बीमार थीं। आज गांव कुटैल में दोपहर बाद उनका अंतिम संस्कार किया गया जिसमें बड़ी संख्या में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लिया। इस मौके पर चुनाव आयुक्त देवेंद्र कल्याण,भाजपा कार्यसमिति सदस्य आजाद सिंह नेहरा, स्वामी संपूर्णानंद सरस्वती, कविंद्र राणा आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:– बैंक के सामने से मोटरसाइकिल चोरी करने के मामले में आरोपी गिरफ्तार

About The Author

Related Posts