मंहगाई की मार। 125 फुट का पुतला बना कर दशहरा महोत्सव की परंपरा को बढ़ाएंगे आगे

Published On

इस बार बराड़ा में नहीं जलेगा 220 फुट ऊंचा रावण का पुतला

  • विश्व में सबसे ऊंचा रावण का पुतला बनाकर स्थापित किया जा चुका है कीर्तिमान

बराड़ा (सच कहूँ न्यूज)। बराड़ा में दशहरा महोत्सव धूमधाम से मनाए जाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पर इस बार यहां हर बार की तरह रावण का 220 फुट ऊंचा पुतला नहीं जलाया जाएगा। पुतले का कद छोटा करके 125 फुट ऊंचा किया गया है। विश्व में सबसे ऊंचा रावण का पुतला बनाकर कीर्तिमान स्थापित करने व पांच बार लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में बराड़ा को विश्व स्तर पर गौरव प्रदान करने वाले तेजिंदर सिंह चौहान के नेतृत्व में इस बार भी पुतले का निर्माण कुशल कारीगर कर रहे हैं। विश्व का सबसे ऊंचा 220 फुट का रावण का पुतला बनाकर अपना लोहा मनवा चुके तेजिंदर सिंह चौहान इस बार 125 फुट का पुतला बना कर दशहरा महोत्सव की परंपरा को आगे बढ़ाने में सहयोग कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें:– आप विधायकों की खरीदो फरोख्त में ठाकुर भी शामिल : अंगुराल

बढ़ती महंगाई की पड़ी मार: विक्रम सिंह

मंच के संस्थापक व प्रधान विक्रम सिंह ने बताया कि विश्व के सबसे ऊंचा रावण का पुतला बनाने का गौरव दिलाने व भारत का नाम विश्वस्तर पर चमकाने के बावजूद भी यहां कोई स्थायी दशहरा मैदान नहीं है। जगह की कमी के कारण आयोजकों को दशहरा महोत्सव आयोजित करने में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। बढ़ती मंहगाई और आर्थिक स्थिति की बदौलत इस बार रावण का कद घटाना एक मजबूरी है। फिर भी जैसे तैसे सनातनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए स्थानीय लोगों के सहयोग से दशहरा महोत्सव मनाया जा रहा है।

34 सालों से महोत्सव का हो रहा आयोजन

राणा ने बताया कि कस्बे में दशहरा का आयोजन 34 वर्षों से किया जा रहा है। सन 1987 में तेजिंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में श्रीराम लीला क्लब की स्थापना की गई थी। पहली बार 20 फुट के रावण के पुतले का दहन करने से दशहरा महोत्सव की शुरूआत हुई थी । उसके बाद लगातार रावण के पुतले की लंबाई बढ़ती गई और जो जाकर अंत में 220 फुट तक पहुंच गई थी। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें स्थायी तौर पर दशहरा ग्राउंड मिल जाए तो फिर रावण के पुतले की लंबाई 220 फुट पार हो सकती है। उन्होंने कहा कि सभी चाहते हैं कि कस्बे का नाम एक बार फिर पूरे विश्व में रोशन हो।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts