विवाह समारोह में दूल्हा-दुल्हन पक्ष में चले लाठी-डंडे, बारात लौटी

Published On

हिसार (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा के हांसी शहर के मंडी सैनियान इलाके में शुक्रवार रात को दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच लाठी डंडे चले और बारात दुल्हन लिये बिना ही लौट गई। हिसार के ऋषि नगर से एक बारात आई थी। जिसमें किसी बात को लेकर दूल्हा और दुल्हन पक्ष में झगड़ा हो गया। नौबत लाठी-डंडे चलने तक आ गई जिसमें दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आई हैं। इलाज के लिए घायलों को हांसी के सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया है। दुल्हन पक्ष का आरोप है दूल्हे पक्ष ने फेरों के समय दहेज में पांच लाख रुपए की मांग की जबकि दूल्हे पक्ष का कहना है कि दहेज जैसी कोई बात नहीं थी। बारात नाचते गाते हुए लेट हो गई और दुल्हन के भाई ने बाहर से कुछ लड़कों को बुलाकर बारात पर हमला करा दिया।

क्या है मामला

जानकारी के अनुसार, हिसार के ऋषि नगर के रहने वाले युवक के साथ रिश्ता पक्का हुआ था। लड़के की पढ़ाई पूरी न होने की वजह से काफी दिनों तक रिश्ता चलता रहा। शुक्रवार रात बारात आई थी। फेरों की रस्म से पहले दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। लड़की और उसके पिता विजय कुमार का कहना है कि दूल्हे पक्ष ने पांच लाख रुपए की मांग की है। पैसे न देने पर उनसे झगड़ा करने लगे। वहीं उन्होंने आरोप भी लगाया कि शादी समारोह पर लड़का पक्ष के लोगों ने तोडफोड़ भी की और उनके साथ मारपीट की। जिसमें लड़की के मामा दीपक और धर्मेंद्र को चोटें आई हैं। थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि रात को उनको सूचना मिली थी कि लड़के के परिवार उनसे दहेज की मांग कर रहे हैं। दहेज न देने की वजह से बारात वापस ले गए हैं और उनके साथ मारपीट भी करके गए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम रात को मौके पर पहुंची। शिकायत मिलने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts