Aandhi ka Kahar: पेड़ टूटकर रास्तों पर गिरे, पोल टूटे, बिजली आपूर्ति रही बाधित
तोशाम क्षेत्र में 350 बिजली पोल टूटे, 60 गांवों में बिजली आपूर्ति रही बाधित
भिवानी (सच कहूँ /इन्द्रवेश)। Bhiwani News: भिवानी में रविवार रात को तेज आंधी के साथ हल्की बारिश हुई। आंधी के कारण जिले भर में अनेक पेड़ टूटकर गिर गए। इसके अलावा बिजली के पोल भी टूट गए। आंधी के कारण बिजली के पोल टूटने व क्षतिग्रस्त होने के चलते जिले के 30 पावर हाउस भी ब्रेक डाउन हो गए। जिसके कारण जिले के विभिन्न गांवों व एरिया में बिजली भी गुल रही। हालांकि पोल टूटने व बिजली बाधित होने के चलते मौसम साफ होते ही बिजली निगम के कर्मचारी भी इसे दुरुस्त करने में जुट गए। भिवानी जिले की बात करें तो दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे पर भी आंधी के कारण काफी पेड़ टूटकर गिर गए। जिसके कारण यह रास्ता बांधित हो गया।
इसके अलावा भिवानी से हांसी व भिवानी से रोहतक रोड पर भी पेड़ टूटकर सडकों पर गिर गए। वहीं जिले के अन्य मार्गों के बात करें तो वहां भी यही स्थिति थी। पेड़ टूटकर सड़क पर गिरने के कारण वाहन चालकों को निकलने तक का रास्ता नहीं मिल पाया। इसलिए यातायात भी प्रभावित रहा और वाहन चालकों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। वहीं आमजन प्रमोद सैनी व पुरूषोत्तम का कहना है कि बिजली दुरुस्त होने में ,कम से कम 3-4 घण्टे जरूर लगेंगे तब तक बिजली गुल रहने की वजह से पानी सप्लाई न होने की वजह से काफी परेशानी का सामना जरूर करना पड़ेगा।
तोशाम क्षेत्र में 350 बिजली पोल टूटे, 60 गांवों में बिजली आपूर्ति रही बाधित
तोशाम। तेज अंधड़ ने तोशाम क्षेत्र में भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं के चलते सड़कों पर सैकड़ों पेड़ व पोल गिर गए, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई मार्गों पर देर रात तक जाम की स्थिति बनी रही, जबकि कुछ संपर्क मार्ग सोमवार दोपहर बाद तक भी पूरी तरह से सुचारु नहीं हो पाए थे। अंधड़ के कारण कई स्थानों पर बिजली के पोल टूटकर गिर गए, जिससे खड़ी गाडिय़ों को भी नुकसान पहुंचा। वहीं कई गौशालाओं और ग्रामीणों के शेड तथा सोलर प्लेट्स को भी नुकसान हुआ है। बिजली निगम को इस प्राकृतिक आपदा से बड़ा नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार करीब 350 बिजली पोल टूट गए, जिससे निगम को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पोल और तार टूटने के कारण लगभग 60 गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। तेज हवाओं के चलते पेड़ बिजली लाइनों पर गिर गए, जिससे बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। बिजली निगम के कर्मचारी रात से ही आपूर्ति बहाल करने में जुटे हुए हैं। बिजली निगम के एसडीओ चेतन ने बताया कि अंधड़ के कारण निगम के कई पोल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। एक नंबर डिवीजन में करीब 150 पोल और दूसरे डिवीजन में लगभग 200 से अधिक पोल टूटे हैं। बिजली कर्मचारियों द्वारा युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य किया जा रहा है ताकि जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल की जा सकें।