Canal Water: गाँव खुड्डी कलाँ के 650 एकड़ रकबे को पांच दशक बाद मिलेगा नहरी पानी

लोकसभा सदस्य मीत हेयर ने 2.01 करोड़ रुपये की लागत वाले प्रोजेक्ट का किया उद्घाटन 

Published On

बरनाला (सच कहूँ/जसवीर गहल)। Barnala News: गांव खुड्डी कलां के करीब 650 एकड़ रकबे को पांच दशकों बाद नहरी पानी मिलने जा रहा है। इसके लिए लोकसभा सदस्य (एमपी) गुरमीत सिंह मीत हेयर ने मोघे से टेल फ्रंट खाल के निर्माण कार्य की औपचारिक शुरूआत की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने हर खेत तक नहरी पानी पहुंचाने के लिए करोड़ों रुपये के नहरी प्रोजेक्ट शुरू किए हैं, जिनके चलते दशकों बाद हमारे खेतों को नहरी पानी नसीब हुआ है। उन्होंने बताया कि गांव खुड्डी कलां में 2.01 करोड़ रुपये की लागत से मोघे से टेल फ्रंट खाल के निर्माण का काम शुरू हो गया है। इस प्रॉजैक्ट के तहत 6700 मीटर (6.7 किलोमीटर) लम्बा खाल बनाया जाएगा, जिससे करीब 650 एकड़ रकबे को 50 साल बाद पहली बार नहरी पानी मिलेगा।

उन्होंने बताया कि इससे पहले ही जल संसाधन विभाग द्वारा 300 करोड़ रुपये के काम करवाए जा चुके हैं, जिनमें मोघे, खाल और अंडरग्राउंड पाइपलाइन का काम शामिल है। उन्होंने कहा कि इससे पहले हरिगढ़ नहर गुजरने के बावजूद हरिगढ़ को नहरी पानी नहीं मिल रहा था। उनके द्वारा हरिगढ़, भूरे, बडबर सहित विभिन्न गाँवों में मोघे निकलवाए गए और कई गाँवों में दशकों बाद नहरी पानी पहुंचा। उन्होंने दावा किया कि इससे पहले किसी भी सरकार द्वारा नहरी कार्यों पर इतने फंड खर्च नहीं किए गए, जितने मान सरकार द्वारा क्षेत्र में नहरी प्रॉजैक्टों पर खर्च किए गए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को चल रहे प्रोजेक्टों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। इस मौके पर चेयरमैन नगर सुधार ट्रस्ट रामतीर्थ मन्ना, हलका इंचार्ज हरिन्द्र धालीवाल, एक्सईएन जल संसाधन विभाग हरशांत वर्मा और ग्रामीण उपस्थित थे।

About The Author

Related Posts