भटिंडा पुलिस को मिली बड़ी सफलता

Published On

तिकड़ी गिरोह से 65 लाख की हेरोइन पकड़ी

  • नाइजीरियन व्यक्ति ने मुहैया करवाई थी हेरोइन

भटिंडा (अशोक वर्मा)। भटिंडा पुलिस ने नश तस्करी करने वाले एक तिकड़ी गिरोह को गिरफ्तार किया है। गिरोह से 130 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में 65 लाख रुपए कीमत बताई गई है। पुलिस ने तीन लाख पांच हजार रुपए की ड्रग मनी भी बरामद की है।

वरना कार भी कब्जे में ली

पुलिस ने उस वरना कार को भी कब्जे में ले लिया जिस पर यह हेरोइन ला रहे थे। आरोपियों को यह हेरोइन दिल्ली के कृश नाईजीरियन द्वारा मुहैया करवाई गई थी जिसे यह डबवाली से भटिंडा रास्ते के द्वारा आगे सप्लाई करने के लिए ला रहे थे। सीआईए स्टॉफ के इंचार्ज रजिन्दर कुमार ने यह हेरोइन भटिंडा डबवाली रोड गौशाला के नजदीक सोमवार सुबह 6.20 बजे पकड़ी है।

कार भगाने का प्रयास किया

सीनियर कप्तान पुलिस भटिंडा नवीन सिंगला ने यह जानकारी प्रैस कांफ्रेंस कर दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी की हुई थी। जब पुलिस ने इस तिकड़ी की वरना कार नाके पर रोकी तो कार को भटिंडा की तरफ भगा लिया। आगे से रास्ता बंद होने के कारण जब चालक ने कार मोड़ने की कोशिश की तो कार बेकाबू होकर पेड़ में टकरा गई। कार का पीछा कर रही पुलिस ने कार सवारों को पकड़ लिया।

एक लाख में बेचते थे 100 ग्राम हेरोइन

एसएसपी ने बताया कि काबू तस्करों की पहचान तरूण कुमार पुत्र जवाहर लाल निवासी जनकपुरी नई दिल्ली, परिक्षत आस्टा पुत्र सोमनाथ आस्टा निवासी तिलक नगर नई दिल्ली व वरिन्दर सिंह पुत्र जीत सिंह निवासी गुरू तेग बहादुर नगर भटिंडा के रूप में हुई। थाना केनाल कालोनी पुलिस ने तीनों तस्करों खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि तीनों आरोपी दिल्ली से 300 ग्राम हेरोइन 1 लाख 10 हजार रुपए प्रति 100 ग्राम के हिसाब के साथ लाए थे। इसमें से उन्होंने कुछ हेरोइन अपने ग्राहकों को सप्लाई कर दी जबकि 130 ग्राम हेरोइन भटिंडा ला रहे थे। यह हेरोइन भटिंडा के आसपास के ग्राहकों को सप्लाई की जानी थी। सिंगला ने बताया कि पुलिस नाइजीरियन नागरिक कृश को भी गिरफ्तार करेगी। एसएसपी ने बताया कि पुलिस अब आरोपियों का रिमांड लेकर पूछताछ करेगी।

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts