ई-सेवा: बरनाला का प्रदेश में पहला स्थान बरकरार 

लोगों की सुविधा के लिए रविवार को भी खुल रहे जिले के 3 सेवा केन्द्र: डीसी

Sarvesh Kumar Picture
Published On

बरनाला (सच कहूँ/जसवीर गहल)। Barnala News: सेवा केन्द्रों और ई-सेवा पोर्टल पर सबसे कम बकाया अर्जियों के साथ (0.3 फीसदी) जिला बरनाला राज्य में लगातार पहले स्थान पर चल रहा है। उपरोक्त जानकारी डिप्टी कमिश्नर हरप्रीत सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन बरनालावासियों को पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि लोगों को कोई कठिनाई न हो।

इसी के तहत 3 मई 2025 से 2 मई 2026 तक जिले में ई-सेवा और कनेक्ट पोर्टल के माध्यम से कुल 1,24,716 अर्जियां प्राप्त हुर्इं, जिनमें से 1,08,453 अर्जियों का निर्धारित समय में निपटारा किया गया है, जबकि 13,061 अर्जियां प्रक्रिया के तहत हैं और 3202 अर्जियां विभिन्न कारणों से वापस भेजी गई हैं। उन्होंने बताया कि सबसे अधिक जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग), आय प्रमाण पत्र और वृद्धावस्था पेंशन के लिए आवेदन किया जाता है और योग्य लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ और प्रमाण पत्र समयबद्ध तरीके से मुहैया कराया जाता है।

उन्होंने बताया कि जिले में 14 सेवा केन्द्रों के माध्यम से लगभग 450 सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। जिला प्रशासनिक परिसर बरनाला का सेवा केन्द्र, वेटरनरी अस्पताल तपा और महल कला सेवा केन्द्र रविवार को भी एक काउंटर के साथ खुले रहते हैं, जहाँ सप्ताह के 7 दिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक सेवाएँ दी जाती हैं। स्थानीय प्रेम प्रधान मार्केट का सेवा केन्द्र सोमवार से शनिवार तक सुबह 8 बजे से देर शाम 8 बजे तक खुला रहता है, जबकि बाकी सेवा केन्द्र सोमवार से शनिवार 9 से 5 बजे तक खुले रहते हैं।

‘घर बैठे भी लिया जा सकता है लाभ’

डिप्टी कमिश्नर हरप्रीत सिंह ने बताया कि डोर स्टेप डिलीवरी (डीएसडी) की सेवा भी जिलेवासियों को दी जा रही है, जिसके तहत नागरिक 1076 पर कॉल करके 400 से अधिक सरकारी सेवाओं का लाभ घर बैठे ले सकते हैं। इसके साथ जरूरी दस्तावेजों और प्रमाणपत्रों के लिए लाइनों में खड़ा होने की जरूरत नहीं।

About The Author

Related Posts