Bus Accident: बिजली के खंभे से टकराई अनियंत्रित बस, एक की मौत, 11 गंभीर घायल
पटियाला-पातड़ां रोड पर घग्गा के पास भीषण सड़क हादसा
घग्गा (सच कहूँ/विशाल कुमार गोयल)। Ghagga News: शुक्रवार सुबह घग्गा इलाके के आताला मोड़ पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बस के पलट जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा बस का अचानक संतुलन बिगड़ने और बिजली के खंभे से टकराने के कारण हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार जम्मू से सीकर होते हुए पंजाब आ रही एक निजी बस जब आताला मोड़ के पास पहुंची तो चालक द्वारा संतुलन खो देने से बस सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई और सड़क के बीचों-बीच पलट गई।
हादसा इतना भयानक था कि बस में सवार 12 लोग बुरी तरह प्रभावित हुए। सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को मौके पर पहुंची सरकारी और निजी एंबुलेंसों के माध्यम से तुरंत समाना के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। डॉक्टरों के अनुसार एक व्यक्ति की गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई, जबकि बाकी 11 घायलों का इलाज जारी है। हादसे के बाद बस सड़क के बीचों-बीच पलट जाने से यातायात भी प्रभावित रहा। मौके पर थाना घग्गा के एसएचओ जयदीप शर्मा अपनी टीम सहित पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
प्रशासन ने हाइड्रोलिक क्रेन (हैडरा) मंगवाकर बस को सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात को दोबारा सुचारु किया जा सका। हादसे वाली जगह से बरामद यात्रियों का सारा सामान घग्गा थाना के आईओ एएसआई शेर सिंह के हवाले कर दिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या किसी तकनीकी खराबी के चलते।