केन्द्रीय जेल पटियाला से तीन कैदियों की फरार होने की असफल कोशिश

पता चलते ही कुछ ही समय में सुरक्षा कर्मियों के पकड़ा, मामले की जांच में जुटी पुलिस 

Published On

पटियाला (खुशवीर सिंह तूर)। केन्द्रीय जेल पटियाला (Central Jail Patiala) में तीन विचाराधीन कैदियों ने जेल से भागने का प्रयास किया, जिन्हें सुरक्षा कर्मचारियों ने कुछ समय बाद ही काबू कर लिया। जानकारी के अनुसार, इन कैदियों ने सुबह ढाई-तीन बजे के करीब यह कदम उठाया। जेल प्रशासन के मुताबिक, केन्द्रीय जेल पटियाला में बंद राहुल कुमार, विक्रम सिंह और करनदीप सिंह ने कथित रूप से कंबलों को काटकर रस्सियां बनाई। इस मदद से वे कथित रूप से जेल की दीवारें चढ़कर जेल परिसर के साथ लगे जेल प्रशिक्षण स्कूल में प्रवेश कर गए। इस घटना का पता चलते ही रात में ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षा गार्डों ने चौकसी बरती और तुरंत अलार्म बजाया। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों ने जेल की तलाशी अभियान शुरू किया।

भागने वाले ये तीनों कैदी जेल गार्डों की पकड़ में आ गए और इन्हें काबू कर लिया गया। सूत्रों के अनुसार, ये कैदी चोरी के विभिन्न मामलों में जेल में बंद थे। जेल अधीक्षक गुरचरण सिंह धालीवाल ने स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी और पुलिस ने इनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। थाना त्रिपड़ी के एसएचओ सुखविंदर सिंह गिल ने पुष्टि करते हुए बताया कि इस संबंध में जांच चल रही है और हिरासत से भागने की कोशिश करने वाले इन आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है।

Jail Patiala
फाईल फोटो

About The Author

Related Posts