Rajasthan Police: भूमाफिया पर कार्रवाई करने वाले पुलिस अधिकारियों पर ही गिरी गाज
आईपीएस ने एसीपी मालवीयनगर और एसीपी सदर से मांगा स्पष्टीकरण
Rajasthan Police: जयपुर। राजधानी जयपुर के टोंक रोड स्थित वसुंधरा कॉलोनी में करीब सौ करोड़ रुपए कीमत की करीब एक बीघा भूमि पर भूमाफिया द्वारा अवैध कब्जा करने का मामला सामने आने के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक नया मोड़ ले लिया। जहां एक ओर पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए एक हिस्ट्रीशीटर सहित भूमाफिया को गिरफ्तार किया, वहीं दूसरी ओर इस कार्रवाई पर ही सवाल उठाते हुए एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांग लिया। Jaipur News
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वसुंधरा कॉलोनी में सत्यनारायण मीणा की करीब एक बीघा की कुछ भूमि पर दुकानें-मकान बने हुए हैं। इन दुकानों पर 30 मार्च-2026 को आशीष अग्रवाल नाम के भूमाफिया द्वारा अशोक नगर पुलिस थाना के हिस्ट्रीशीटर कपिल शर्मा और उसके गुर्गों के जरिए ताले तोड़कर जबरन कब्जा करने की शिकायत बजाजनगर पुलिस थाना को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मालवीयनगर के एसीपी के निर्देशन में बजाजनगर थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
इस मामले में थाना प्रभारी ने कब्जा करने की नीयत से दुकानों के ताले तोड़ने के आरोप में तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर कपिल शर्मा भी शामिल था है, जो पहले भी कई आपराधिक मामलों में लिप्त रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई को आमतौर पर प्रभावी और सराहनीय माना जा रहा था, क्योंकि इससे न केवल अवैध कब्जे को रोका गया, बल्कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को भी मजबूत संदेश गया। Jaipur News
हालांकि, घटनाक्रम ने उस समय अप्रत्याशित मोड़ ले लिया जब एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी ने इस कार्रवाई को ही अनुचित करार देते हुए एसीपी मालवीयनगर विनोद कुमार शर्मा, एसीपी सदर धर्मवीर सिंह और बजाजनगर थाना प्रभारी पूनम चौधरी को नोटिस जारी कर विस्तृत स्पष्टीकरण मांगा।
सूत्रों के अनुसार, आईपीएस अधिकारी ने कार्रवाई की प्रक्रिया और कानूनी औपचारिकताओं को लेकर आपत्ति जताते हुए नोटिस में कहा, पुलिस द्वारा अपनाई गई प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुरूप नहीं थी, जिसके चलते पुलिस आयुक्त, जयपुर ने थानाधिकारी को लाइन हाजिर कर दिया, जिससे पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। इस फैसले को लेकर पुलिस विभाग के कुछ अधिकारी इसे प्रभावी कार्रवाई करने वाले अधिकारियों का मनोबल गिराने वाला कदम मान रहे हैं। Jaipur News
प्रकरण ने पकड़ा तूल, डीजीपी तक पहुंची शिकायत
भूमाफिया के खिलाफ कार्रवाई करने वाले पुलिस अधिकारियों पर ही कार्रवाई किए जाने के बाद यह मामला राज्य स्तर तक पहुंच गया है। इस पूरे घटनाक्रम की शिकायत डीजीपी तक पहुंच गई है। अब यह मामला डीजीपी के संज्ञान में आने के बाद और गंभीर हो गया है। सूत्रों के मुताबिक, डीजीपी ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कार्रवाई में कहां चूक हुई और क्या वास्तव में नियमों का उल्लंघन हुआ या नहीं।
क्या ईमानदार कार्रवाई पर पड़ रहा असर?
सूत्रों और घटनाक्रम के आधार पर यह चर्चा है कि क्या एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी द्वारा थाने स्तर पर हस्तक्षेप कर आरोपियों को राहत दिलाने का प्रयास किया गया? सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि वास्तव में किसी स्तर पर दबाव बनाकर कार्रवाई को प्रभावित करने की कोशिश हुई, तो क्या इससे कानून के निष्पक्ष क्रियान्वयन पर असर नहीं पड़ेगा? और क्या यह उन पुलिस अधिकारियों के मनोबल को कमजोर नहीं करेगा, जो जमीनी स्तर पर जोखिम उठाकर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हैं?
इस मामले में एक और संवेदनशील पहलू सामने आया है | Jaipur News
पीड़ित पक्ष को जनजाति समुदाय से जुड़ा है। ऐसे में यह प्रश्न और भी महत्वपूर्ण हो जाता है कि क्या न्याय दिलाने की दिशा में काम कर रहे अधिकारियों को ही कठघरे में खड़ा किया जाना उचित है? क्या इससे समाज के कमजोर वर्गों में यह संदेश नहीं जाएगा कि उनकी पैरवी करने वाले अधिकारी भी सुरक्षित नहीं हैं? फिलहाल, पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए डीजीपी स्तर की जांच पर सबकी नजरें टिकी हैं। जांच के निष्कर्ष न केवल इस प्रकरण की दिशा तय करेंगे, बल्कि भविष्य में पुलिस कार्रवाई और वरिष्ठ स्तर के हस्तक्षेप की सीमाओं को भी स्पष्ट कर सकते हैं।
About The Author