12वीं की मेरिट सूची में पटियाला पहले स्थान पर

59 विद्यार्थियों ने बनाई मेरिट में जगह, 37 छात्राएं और 22 छात्र शामिल, आफरीन अजीम ने पंजाब में चौथा और जिले में पहला स्थान हासिल किया

Sarvesh Kumar Picture
Published On

पटियाला (सच कहूँ/खुशवीर तूर)। Patiala News: पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित बारहवीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में पटियाला जिला मेरिट सूची में पहले स्थान पर रहा है। जिले के 59 विद्यार्थियों ने मेरिट सूची में अपनी जगह बनाई है। इनमें 37 छात्राएं और 22 छात्र शामिल हैं। विशेष बात यह रही कि प्ले-वेज सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा आफरीन अजीम ने पूरे पंजाब में चौथा तथा जिले में पहला स्थान हासिल किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पटियाला जिले से इस बार 17,671 विद्यार्थियों ने बारहवीं कक्षा की परीक्षा दी थी। इनमें से 16,152 विद्यार्थी सफल रहे, जबकि 1,519 विद्यार्थी असफल हुए। जिले का कुल पास प्रतिशत 91.40 दर्ज किया गया है। मेरिट सूची में जिले के कुल 59 विद्यार्थियों ने स्थान बनाया, जिनमें छात्राओं की संख्या अधिक रही।

प्ले-वेज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, लाहौरी गेट की छात्रा आफरीन अजीम ने 500 में से 499 अंक प्राप्त कर पंजाब में चौथा और जिले में पहला स्थान हासिल किया। वहीं जिले में दूसरा स्थान गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा नवनीत कौर ने प्राप्त किया। उन्होंने 495 अंक हासिल कर राज्य स्तर पर छठा रैंक प्राप्त किया। इसी प्रकार प्ले-वेज स्कूल की छात्रा सैमरिन कोशिस ने भी 495 अंक लेकर जिले में तीसरा स्थान हासिल किया। स्कूल के छात्र गैविन शर्मा ने 494 अंक प्राप्त कर जिले में चौथा स्थान हासिल किया। वहीं मेरिटोरियस स्कूल की छात्रा सपना ने 493 अंक प्राप्त किए। इसके अलावा जिले के 55 अन्य विद्यार्थियों ने भी मेरिट सूची में स्थान बनाकर अपने माता-पिता और स्कूल का नाम रोशन किया।

मेरिट सूची में निजी स्कूलों का दबदबा

इस बार मेरिट सूची में निजी स्कूलों का दबदबा देखने को मिला। सरकारी स्कूलों की तुलना में निजी शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने अधिक स्थान प्राप्त किए। विशेष रूप से प्ले-वेज स्कूल के विद्यार्थियों का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा।

फतेहगढ़ साहिब जिला रहा 12वें स्थान पर

दूसरी ओर मेरिट सूची में फतेहगढ़ साहिब जिला 12वें स्थान पर रहा। जिले के 7 विद्यार्थियों ने मेरिट सूची में जगह बनाई, जिनमें 6 छात्राएं और एक छात्र शामिल है। जिले से 5,414 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 4,881 विद्यार्थी सफल रहे, जबकि 533 विद्यार्थी असफल हुए।


संगरूर की टॉपर गुरमीत कौर बनना चाहती हैं एडवोकेट

पढ़ाई को प्राथमिकता देकर हासिल किया पंजाब में नौवां स्थान
लहरागागा। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित बारहवीं कक्षा के परिणामों में संगरूर जिले के गांव लहल कलां स्थित पीएम श्री सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा गुरमीत कौर ने 492 अंक प्राप्त कर पूरे पंजाब में नौवां तथा जिले में पहला स्थान हासिल किया है। परिणाम घोषित होते ही स्कूल और गांव में खुशी का माहौल बन गया। गुरमीत कौर ने अपनी सफलता का श्रेय कठिन मेहनत, आत्मविश्वास और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने बताया कि वह टीवी, मोबाइल और खेलों से दूरी बनाकर अधिक समय पढ़ाई को देती थीं।

उनका कहना है कि परिवार ने भी उन्हें हमेशा पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया। गुरमीत कौर ने बताया कि उनका सपना एलएलबी कर एक सफल एडवोकेट बनना है। वह भविष्य में सच्चाई का साथ देते हुए लोगों की मदद करना चाहती हैं। उनके पिता बीरबल सिंह, जो राजमिस्त्री का कार्य करते हैं, ने कहा कि बेटी की पढ़ाई में हरसंभव सहयोग दिया गया और आगे भी देते रहेंगे।

Patiala News (2)

About The Author

Related Posts