कॉस्मेटिक की दुकान में चोरी, घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद
चोरी की घटना को अंजाम देने में युवक व महिला आरोपी शामिल, पुलिस मामले की जांच में जुटी
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana Theft News: कस्बे के सर्राफा बाजार में स्थित कॉस्मेटिक की दुकान में शटर का लॉक तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। घटना दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। चोरी की घटना को अंजाम देने में नकाबपोश युवक व महिला शामिल है।
बुधवार तड़के करीब सवा तीन बजे दो बदमाशों के द्वारा कस्बे के सर्राफा बाजार में स्थित कॉस्मेटिक की दुकान में शटर का लॉक तोड़कर चोरी की घटना कारित की गई। घटना को अंजाम देने वालों में नकाबपोश युवक व महिला शामिल है। चोरी की घटना गली में स्थित दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरें में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप पर भी वायरल है। वीडियो में नजर आ रही महिला आरोपी अपने कंधे पर एक बैग टांगें हुई है। दोनों मिलकर पहले दुकान के शटर को ऊपर उठाते है, जिसके बाद युवक दुकान के अंदर घुस जाता है।
बाहर खड़ी नकाबपोश महिला मोबाइल की टॉर्च जलाकर दुकान में घुसे युवक को देती है। वह चौकन्ना रहकर आसपास निगाह रखती हुई नजर आ रही है। चोरी करने वाले दोनों आरोपी बाइक से मौके पर पहुंचे है। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री का कहना है कि वह मौके पर गए थे। करीब दो-तीन हजार रुपये का सामान चोरी हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। मुकदमा दर्ज करके अग्रिम विधिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
