एनडीपीएस के तीन मामलों में वांछित 20 हजार का इनामी आरोपी दस्तयाब
करीब छह माह से फरार चल रहा था आरोपी
Drugs Smuggler Arrested: हनुमानगढ़। जिले में नशा तस्करी और वांछित अपराधियों की धरपकड़ को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पल्लू थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तीन अलग-अलग प्रकरणों में करीब छह माह से फरार चल रहे आरोपी को दस्तयाब कर धन्नासर चौकी प्रभारी को सुपुर्द किया है। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक की ओर से 20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। Hanumangarh News
पुलिस अधीक्षक हनुमानगढ़ नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में नशा एवं शराब तस्करी, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा, अवैध धंधों और संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के साथ वांछित अपराधियों, गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत पल्लू थाना प्रभारी सुरेश मील के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रकरण संख्या 244/2025, 245/2025 और 246/2025 धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में वांछित आरोपी शिवा उर्फ सियाराम पुत्र हरीलाल उर्फ हीरालाल निवासी रसिगपुरा, ग्राम पंचायत खातरोल, तहसील माण्डलगढ़, जिला भीलवाड़ा को दस्तयाब किया। आरोपी पिछले करीब छह माह से फरार चल रहा था। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार 14 नवंबर 2025 को पल्लू थाना पुलिस ने अलग-अलग तीन मामलों में कार्रवाई करते हुए 16 किलो 53 ग्राम, 12 किलो 60 ग्राम और 10 किलो 60 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया था। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किए गए थे। इन मामलों की जांच धन्नासर चौकी प्रभारी विजेन्द्र शर्मा की ओर से की जा रही है। कार्रवाई में कांस्टेबल रमेश कुमार एवं कुलदीप शामिल रहे।