हथियारों से लैस घर में घुसकर की तोड़फोड़

Published On

जातिसूचक गालियां देने का आरोप, एससीएसटी एक्ट में मामला दर्ज

हनुमानगढ़। जिले में दलित परिवार पर देर रात जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। इस संबंध में न्यायालय के आदेश पर जंक्शन पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, परिवादी प्रमोद कुमार (27) पुत्र राजेन्द्र मेघवाल निवासी भट्ठा कॉलोनी, जंक्शन ने विशिष्ट न्यायाधीश एससीएसटी प्रकरण न्यायालय में इस्तगासा पेश कर बताया कि क्षेत्र के कुछ लोगों से उसकी पुरानी रंजिश चल रही है। Hanumangarh News

आरोप है कि 7 दिसंबर 2025 की रात करीब 11 बजे आरोपी चेतन्य उर्फ चंदू भाट, जयंत खुराना, लोकेश पाल, राजवीर भाट सहित अन्य लोग एक कार में सवार होकर उसके घर पहुंचे। परिवादी के अनुसार, आरोपियों के हाथों में धारदार हथियार, लोहे की रॉड और अन्य वस्तुएं थीं। उन्होंने घर का गेट तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया और दरवाजों-खिड़कियों पर हमला कर तोड़फोड़ की। इस दौरान आरोपियों ने जातिसूचक गालियां दीं और परिवार को जान से मारने की धमकी दी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, जिससे आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन आरोप है कि पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। परिवादी का कहना है कि कुछ समय बाद आरोपी दोबारा मौके पर आए और घर के बाहर चक्कर लगाकर डराने-धमकाने का प्रयास किया, जिसकी सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता एवं एससीएसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। प्रकरण की जांच एससीएसटी सैल सीओ करण सिंह बराड़ कर रहे हैं। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts