ATM Robbery Plot Foiled: एटीएम लूट की साजिश नाकाम, 5 बदमाश गिरफ्तार

Published On

ATM Robbery Plot Foiled: हनुमानगढ़। जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एटीएम लूट की साजिश को नाकाम कर दिया। गोगामेड़ी थाना पुलिस ने खंडहरनुमा स्थान पर दबिश देकर 5 बदमाशों को गिरफ्तार किया, जबकि 2 आरोपी मौके से फरार हो गए। आरोपियों के कब्जे से विदेशी पिस्टल, देशी कट्टा व जिंदा कारतूस सहित अन्य हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस कार्रवाई की जानकारी दी। एसपी मीना बताया कि जिले में अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत सूचना मिली कि कुछ बदमाश गोगामेड़ी में नोहर रोड स्थित एक सुनसान खंडहर में एकत्रित होकर एटीएम लूट की योजना बना रहे हैं। Hanumangarh News

नोहर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीता चौधरी व वृताधिकारी संजीव कटेवा के सुपरविजन में गोगामेड़ी थाना प्रभारी चंद्रकला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। अंदर से बदमाशों की बातचीत सुनाई दी, जिसमें वे एटीएम लूटने और विरोध करने वालों को गोली मारने की योजना बना रहे थे। इस पर पुलिस ने दबिश देकर 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि 2 आरोपी भाग निकले।

विदेशी पिस्टल, देशी कट्टा सहित हथियार बरामद, 2 आरोपी फरार

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 विदेशी पिस्टल, 1 देशी कट्टा, 3 जिंदा कारतूस, लोहे का धारदार कापा, हथौड़ी व पेचकस बरामद किए। मौके से गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल (20) पुत्र पूर्णराम धाणक व अशोक (19) पुत्र रामसिंह वाल्मीकि दोनों निवासी वार्ड नंबर 7, खचवाना पीएस गोगामेड़ी, जसविंद्र (19) पुत्र सतपाल मेघवाल निवासी एमएसआर कॉलोनी पीएस गोगामेड़ी, रामनिवास (19) पुत्र प्रेम कुमार नायक निवासी डीपीएन, गोगामेड़ी व अजय (21) पुत्र मोमनराम नायक निवासी श्मशान भूमि के पास, गोगामेड़ी के रूप में हुई।

जबकि मौके से फरार हुए आरोपियों की पहचान सुनील उर्फ डेला निवासी जांडवाला (हरियाणा) व रामनिवास मेघवाल निवासी कागड़ाना (हरियाणा) के रूप में हुई। एसपी मीना के अनुसार इस संबंध में गोगामेड़ी थाने में मामला दर्ज कर जांच फेफाना थाना प्रभारी एसआई नरेंद्र की ओर से की जा रही है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी चन्द्रकला, एएसआई लीलाधर, हेड कांस्टेबल संदीप कुमार, कांस्टेबल नरसीराम व राकेश कुमार शामिल रहे। वहीं विशेष भूमिका आसूचना अधिकारी कांस्टेबल मोनू की रही। Hanumangarh News

पंजाब की बड़ी गैंग से जुड़े तार

एसपी नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि गिरफ्तार व फरार आरोपियों के तार पंजाब की एक बड़ी गैंग से जुड़े सामने आए हैं। यह गैंग युवाओं को जोड़कर उनके जरिए बड़ी वारदातें करवाती है, जिनमें फिरौती और शूटआउट जैसी घटनाएं शामिल हैं। गैंग के सदस्य पिछले वर्ष नवंबर-दिसंबर से हनुमानगढ़ जिले में सक्रिय थे और बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। फरार आरोपी सुनील उर्फ डेला बड़ी वारदात के बाद विदेश भागने की तैयारी में था। उसने वर्ष 2023 में हरियाणा निवासी होने के बावजूद भादरा का पता देकर पासपोर्ट बनवाया, जिसकी जांच की जा रही है।

इस मामले में एएसपी के नेतृत्व में कमेटी गठित कर अलग से जांच शुरू कर दी गई है। सुनील का पासपोर्ट जब्त कर लिया गया है। उसके खिलाफ करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं। एसपी ने बताया कि इस प्रकरण में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले कांस्टेबल मोनू के प्रमोशन के लिए पुलिस मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा जाएगा। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts