Hanumangarh Road Accident: भारतमाला रोड पर डम्पर की ट्रेलर से भिड़ंत, चालक गंभीर
हादसे के बाद अज्ञात ट्रेलर चालक मौके से फरार
Hanumangarh Road Accident: हनुमानगढ़। भारतमाला रोड पर चोहिलांवाली गांव के निकट एक डम्पर और अज्ञात ट्रेलर के बीच हुए सड़क हादसे में डंपर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। टाउन थाना पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी रिपोर्ट में भूपराम पुत्र हेतराम जाट निवासी वार्ड 11, कानोर तहसील सूरतगढ़ ने बताया कि उसका छोटा भाई सुरजीत सिंह डम्पर नम्बर आरजे 31 जीबी 2199 चलाता है। 5 मई की रात करीब 1.30 से 2 बजे के बीच सुरजीत सिंह डम्पर लेकर पीलीबंगा से कानोर की ओर जा रहा था। Hanumangarh News
रिपोर्ट के अनुसार जब वह चोहिलांवाली के पास भारतमाला रोड पर पुल से करीब 100 मीटर पहले पहुंचा तो उसके आगे चल रहे एक अज्ञात ट्रेलर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे डम्पर ट्रेलर से जा टकराया और सुरजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल चालक को राजकीय जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे पहले बेनीवाल अस्पताल और बाद में जयपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक किशोर सिंह को सौंपी गई है।