फर्जी दस्तावेजों से बुजुर्ग को बनाया बिजली कनेक्शन का गारंटर
लाखों के बिल थमाए - भादरा के दो जनों सहित स्टाम्प विक्रेता पर आरोप
Fake Electricity Bill: हनुमानगढ़। गोगामेड़ी थाना क्षेत्र में फर्जी दस्तावेज तैयार कर एक बुजुर्ग को बिजली कनेक्शन का गारंटर बनाने और बाद में लाखों रुपए के बिल थमाने का मामला सामने आया है। गोगामेड़ी थाना पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार गांव खचवाना तहसील भादरा निवासी लीलाधर (64) पुत्र फुसाराम ब्राह्मण ने गोगामेड़ी थाना में रिपोर्ट पेश कर बताया कि वह गांव में आटा चक्की का कार्य करता है। 7 अप्रैल को उसके पास जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की ओर से 1 लाख 4 हजार 919 रुपए तथा 35 हजार रुपए के दो बिजली बिल पहुंचे। इतने बड़े बिल देखकर वह अपने पुत्र के साथ गोगामेड़ी स्थित बिजली विभाग कार्यालय पहुंचा और जानकारी ली।
जांच में उसे पता चला कि गत वर्ष गोगामेड़ी मेले के दौरान मोनू पुत्र वेदप्रकाश शर्मा निवासी वार्ड नम्बर 29, ज्ञानसिंह की कोठी के पास, भादरा तथा उसके चाचा कालू पुत्र टीकूराम ने अस्थायी बिजली कनेक्शन लिया था। उक्त कनेक्शन में लीलाधर को गारंटर दर्शाया गया। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि संबंधित व्यक्तियों की ओर से बिल जमा नहीं करवाने के कारण अब गारंटर के रूप में उसे भुगतान करना पड़ेगा। Hanumangarh News
परिवादी लीलाधर ने रिपोर्ट में आरोप लगाया कि उसने कभी भी किसी प्रकार के दस्तावेज, हस्ताक्षर, आधार कार्ड, फोटो या स्टाम्प गारंटी के लिए उपलब्ध नहीं करवाए। आरोप है कि मोनू और कालू ने फर्जी तरीके से कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उसे झूठे तौर पर गारंटर बना दिया और जानबूझकर आर्थिक नुकसान पहुंचाने की नीयत से यह कार्य किया।
रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि गोगामेड़ी में जहां से स्टाम्प लिया गया, वहां अधिकृत स्टाम्प वेंडर समरजीत कौर की जगह बनवारी लाल बैठकर कथित रूप से फर्जी तरीके से स्टाम्प बेच रहा था। गोगामेड़ी थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल रमेश सिंह को सौंपी है। Hanumangarh News