Hanumangarh Honeytrap Case: हनीट्रैप में फंसाकर 6.50 लाख की ठगी, दुष्कर्म केस की धमकी देकर ऐंठे पैसे

Published On

प्लॉट दिलाने के बहाने घर बुलाकर रचा गया षड्यंत्र, कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज

Hanumangarh Honeytrap Case: हनुमानगढ़। जिले के पल्लू थाना क्षेत्र में हनीट्रैप के जरिए एक व्यक्ति से लाखों रुपए ठगने का मामला सामने आया है। पल्लू थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर कई आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गांव मायला निवासी प्रेम कुमार (42) पुत्र गंगाराम जाट ने रिपोर्ट देकर बताया कि वह खेतीबाड़ी के साथ-साथ कस्बा पल्लू क्षेत्र में जमीन और प्लॉट के सौदे करवाने का काम भी करता है। Hanumangarh News

दिसंबर 2025 के अंतिम सप्ताह में उसके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नम्बर से मिस्ड कॉल आई। बाद में फोन करने पर एक महिला ने खुद को सरोज निवासी हनुमानगढ़ टाउन बताते हुए पल्लू में प्लॉट खरीदने की बात कही और मिलने के लिए बुलाया। रिपोर्ट के मुताबिक 1 जनवरी 2026 को वह पल्लू के कालासर बास स्थित किराए के मकान पर पहुंचा, जहां एक युवती और एक अन्य महिला मौजूद थीं। बातचीत के दौरान महिलाओं ने प्लॉट की जगह किराए का मकान दिलाने की बात कही और अचानक युवती ने उससे शादी करने की इच्छा जताई। जब प्रेम कुमार वहां से निकलने लगा तो महिलाओं और एक युवक ने उसके साथ धक्का-मुक्की की।

पीड़ित का आरोप है कि कुछ दिन बाद उसे सूचना मिली कि उसके खिलाफ दुष्कर्म की झूठी शिकायत देने की तैयारी की जा रही है। बाद में लक्ष्मीनारायण जांगू निवासी कोहला नामक व्यक्ति ने उससे संपर्क कर मामला रफा-दफा करने के लिए पहले 20 लाख रुपए की मांग की। कई दौर की बातचीत के बाद आरोपित 10 लाख से घटाकर 6 लाख 50 हजार रुपए पर राजी हो गए। प्रेम कुमार का कहना है कि सामाजिक बदनामी के डर से उसने 6.50 लाख रुपए आरोपितों को दे दिए। आरोप है कि सरोज, शान्ता बाई, सोमा, परमजीत कौर, लक्ष्मीनारायण जांगू तथा एक अन्य युवक ने मिलकर आपराधिक साजिश रचते हुए झूठे मुकदमे की धमकी देकर उससे पैसे ऐंठ लिए। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts