पति ने पत्नी पर चाकू से किए वार, गंभीर हालत में बीकानेर रेफर

घरेलू विवाद में वारदात की आशंका, पुलिस ने आरोपी पति को किया राउंडअप

Manmohan Picture
Published On

हनुमानगढ़। जंक्शन क्षेत्र की भट्ठा कॉलोनी में मंगलवार सुबह घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक पति ने अपनी पत्नी पर चाकू से कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। लहूलुहान अवस्था में महिला को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर बीकानेर रेफर कर दिया गया। घायल महिला की पहचान परमजीत कौर के रूप में हुई है। Hanumangarh News

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद के दौरान यह घटना हुई। वारदात के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। जंक्शन थाना प्रभारी रामचन्द्र कस्वां ने बताया कि वार्ड नम्बर 12 स्थित भट्ठा कॉलोनी निवासी परमजीत कौर के साथ उसके पति परमजीत सिंह ने मारपीट की।

इसी दौरान आरोपी ने चाकू से पत्नी पर कई वार कर दिए। घटना मंगलवार सुबह करीब छह बजे की बताई जा रही है। घायल महिला को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बीकानेर रेफर कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति परमजीत सिंह को राउंडअप कर लिया।

वहीं महिला के परिजनों की ओर से महिला पुलिस थाना में मामला दर्ज करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है। सूत्रों के अनुसार दंपती के बीच पिछले काफी समय से मनमुटाव चल रहा था। हालांकि पुलिस जांच के बाद ही विवाद के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts