'रॉकी माफिया' लिखी बाइकों पर चला पुलिस का शिकंजा

मोडिफाइड लाइटें व सायरन लगी 19 बाइक सीज

Manmohan Picture
Published On

हनुमानगढ़। शहर के टाउन क्षेत्र स्थित अल्फा सिटी में देर रात हुड़दंगबाजी और स्टंटबाजी कर रहे बाइक चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 19 बाइकों को सीज किया। कार्रवाई के दौरान सामने आया कि कुछ युवक शराब के नशे में भी वाहन चला रहे थे, जबकि कई बाइकों पर नियमों के विपरीत मोडिफाइड लाइटें और सायरन लगाए गए थे। Hanumangarh News

जानकारी के अनुसार, कई बाइकों पर युवकों ने 'रॉकी माफिया' लिखवा रखा था। वहीं बाइकों के आगे नम्बर प्लेट के नीचे अतिरिक्त मोडिफाइड लाइटें और सायरन लगाए गए थे, जिससे यातायात नियमों का खुला उल्लंघन किया जा रहा था। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा के निर्देशन में यातायात पुलिस की ओर से की गई।

देर रात हुई इस कार्रवाई के बाद बाइक चालकों और शरारती तत्वों में हड़कंप मच गया। यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिंदा ने बताया कि जिला मुख्यालय पर पिछले कुछ दिनों से कुछ शरारती तत्वों की ओर से शहर का माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही थी। इसी को देखते हुए विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की गई है।

उन्होंने कहा कि अब केवल दिन में ही नहीं बल्कि रात्रिकालीन गश्त और यातायात कार्रवाई भी लगातार की जा रही है, ताकि स्टंटबाजी, हुड़दंग और नियम तोड़ने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। यातायात शाखा प्रभारी चिंदा ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts