स्लॉट सिस्टम पर उठे सवाल, समन्वय से काम करने का निर्णय

Published On

धानमंडी में खरीद व्यवस्था सुधार पर मंथन

Slot System: हनुमानगढ़। जंक्शन धानमंडी में गेहूं खरीद व्यवस्था को लेकर बढ़ती चुनौतियों के बीच शनिवार को व्यापारिक संगठनों, ट्रक यूनियन और लेबर यूनियन के प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक व्यापार संघ धर्मशाला में आयोजित की गई। सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई इस बैठक में कृषि जिन्सों की खरीद, समय पर उठाव, परिवहन और मंडी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने पर चर्चा की गई। सभी पक्षों ने समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसानों को राहत देने और व्यवस्था को बेहतर बनाने का संकल्प लिया। बैठक में व्यापारी सुमित रणवां ने गेहूं खरीद के लिए लागू स्लॉट बुकिंग प्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्तमान व्यवस्था के आधार पर खरीद संभव नहीं हो पा रही है। Hanumangarh News

उन्होंने बताया कि पोर्टल समय पर अपडेट नहीं होने से किसानों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। पहले टोकन प्रणाली के माध्यम से खरीद सुचारू रूप से चल रही थी, लेकिन स्लॉट सिस्टम लागू होने के बाद टोकन कटने भी बंद हो गए हैं, जिससे परेशानी बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि मंडी में गेहूं की सरकारी खरीद शुक्रवार से शुरू हो चुकी है, लेकिन इसे पूरी तरह व्यवस्थित करने के लिए पिछले तीन-चार दिनों से लगातार बैठकों का दौर चल रहा है। वर्तमान में मंडी में करीब 30 से 33 प्रतिशत तक बारदाना उपलब्ध हो चुका है, जिससे फिलहाल काम चलाया जा रहा है, जबकि आगे की व्यवस्था को लेकर प्रशासन से बातचीत जारी है। रणवां ने कहा कि हाल ही में हुई बारिश के कारण गेहूं की कटाई प्रभावित हुई थी, लेकिन अब मौसम साफ होने के बाद किसान तेजी से फसल काटकर मंडी में ला रहे हैं।

किसान चाहते हैं कि उनका गेहूं जल्द बिके, जिसके चलते मंडी में गेहूं के ढेर बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही खरीद और उठाव का कार्य पूरी तरह सुचारू हो जाएगा। साथ ही लोडिंग-अनलोडिंग व्यवस्था बेहतर होने से मंडी में और जगह उपलब्ध हो सकेगी। लेबर यूनियन के नेता शेरसिंह शाक्य ने पिछले वर्ष के अनुभव साझा करते हुए कहा कि गेहूं खरीद सीजन में कई तरह की अव्यवस्थाएं सामने आई थीं। खुले में रखा गेहूं बारिश के पानी से भीग गया था और समय पर उठाव नहीं होने से स्थिति बिगड़ गई थी। गोदामों में भी समय पर भंडारण नहीं हो सका था। हालांकि, इस बार भारतीय खाद्य निगम की ओर से आश्वासन दिया गया है कि गोदाम समय पर खोले जाएंगे और मंडी से रोजाना गेहूं का उठाव कर उसे सुरक्षित रूप से भंडारित किया जाएगा, जिससे अव्यवस्था की स्थिति नहीं बनेगी। बैठक में पदम चंद जैन, अमृतलाल गुप्ता, धर्मपाल जिन्दल, अनुराग बंसल, राजेन्द्र गर्ग, नितिन गोयल, विजय लखोटिया, जुगल राठी, रामेश्वर वर्मा, आत्मासिंह, सुल्तान आदि मौजूद रहे। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts