Traffic Challan: हेलमेट पहन लो नहीं तो कट रहा चालान, 5 दिनों में बिना हेलमेट के कटे 97 हजार से अधिक चालान
राजस्थान में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्ती
जयपुर (सच कहूँ न्यूज़)। Traffic Challan: राजस्थान में सड़क परिवहन को सुगम, सरल और सुरक्षित बनाने के लिए राजस्थान पुलिस का महा-अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी है। महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के आदेशानुसार और महानिदेशक पुलिस (प्रशिक्षण एवं यातायात) श्री अनिल पालीवाल के सीधे पर्यवेक्षण में प्रदेशभर में नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चौतरफा शिकंजा कसा जा रहा है।
अति. महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि राज्य के समस्त जिला पुलिस अधीक्षकों और पुलिस उपायुक्तों द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत केवल शुरुआती 5 दिनों (02 जुलाई से 06 जुलाई 2026) के भीतर ही प्रदेशभर में कुल 97,954 चालान व अन्य दण्डात्मक कार्रवाइयां की जा चुकी हैं। पुलिस द्वारा इस दौरान बिना हेलमेट नहीं सफर: चालक एवं सहयात्री दोनों के लिए हेलमेट अनिवार्य तथा आईएसआई मार्क हेलमेट ही जीवन रक्षा का साधन जैसे महत्वपूर्ण संदेशों का भी व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
सोमवार को करीब 19,901 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई
डॉ. मीणा ने बताया कि 06 जुलाई 2026 को राज्यभर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान कुल 19,901 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इनमें 8,447 बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वाले, 5,019 तेज गति से वाहन चलाने वाले, 3,369 राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों सहित अन्य सड़कों पर अवैध पार्किंग करने वाले तथा 3,066 राष्ट्रीय राजमार्गों के छह लेन एवं एक्सप्रेस-वे पर लेन अनुशासन का उल्लंघन करने वाले वाहन चालक शामिल हैं।
पिछले पांच दिनों तक की कुल समेकित कार्रवाई
इस 15 दिवसीय अभियान के शुरुआती 5 दिनों में बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चालक के कुल 42,137, तेजगति से वाहन चालको के कुल 25,164, हाईवे व मुख्य सड़कों पर अवैध पार्किंग के कुल 15,759 वाहनों तथा लेन सिस्टम का उल्लंघन में 14,894 चालकों पर कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि यह विशेष अभियान आगामी 16 जुलाई 2026 तक पूरी कड़ाई के साथ अनवरत जारी रहेगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे किसी कानूनी कार्रवाई या जुर्माने के डर से नहीं, बल्कि अपनी और अपनों की सुरक्षित जीवन यात्रा के लिए अनिवार्य रूप से यातायात नियमों का पालन करें।