कैराना में एटीएस की छापेमारी, चार संदिग्ध हिरासत में

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: आतंकवाद निरोधक दस्ते(एटीएस) की टीम ने एक सुनियोजित कार्रवाई करते हुए कैराना क्षेत्र में छापेमारी करके तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। सूत्रों के अनुसार, इन पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से संपर्क और जासूसी गतिविधियों में शामिल होने का संदेह जताया जा रहा है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी और कड़ी कर दी है। बताया गया है कि इसी कार्रवाई के तहत एटीएस टीम ने थाना सदर शामली क्षेत्र से एक महिला को भी हिरासत में लिया है। स्थानीय पुलिस के मुताबिक पकड़े गए लोगों में कैराना निवासी साजिद निवासी गांव नांगला राई, इंतजार उर्फ टारजन, तारिक और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं, जबकि शामली के बरखंडी क्षेत्र से आसफा नाम की महिला को भी हिरासत में लिया गया है। इंतजार उर्फ टारजन कस्बे के वार्ड-23 का पूर्व सभासद बताया जा रहा है। वह करीब 20-22 वर्ष पूर्व सभासद बना था। Kairana News

वहीं, तारिक कस्बे के मोहल्ला इमामबाड़ा क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। जानकारी के अनुसार एटीएस की 12 सदस्यीय टीम ने मंगलवार प्रातः इस पूरी कार्रवाई को बेहद गोपनीय तरीके से अंजाम दिया। सभी संदिग्धों को प्रारंभिक पूछताछ के बाद आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया के लिए देवबंद भेज दिया गया है। इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया है और तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। सूत्रों का कहना है कि यह कार्रवाई गाजियाबाद में कुछ समय पहले सामने आए जासूसी मामले से जुड़ी हुई है, जहां एक युवक को इसी आरोप में गिरफ्तार किया गया था। जांच में मिले सुराग अब शामली से जुड़ते नजर आ रहे हैं। फिलहाल एटीएस टीम सभी संदिग्धों से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि संभावित जासूसी नेटवर्क और उनके विदेशी संपर्कों का खुलासा किया जा सके। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री का कहना है कि जांच एजेंसी के द्वारा गोपनीय तरीके से कार्यवाही की गई है, जिसके सम्बन्ध में उन्हें कोई विस्तृत जानकारी नही है। Kairana News

यह भी पढ़ें:– दोस्ती के जाल में फंसी नाबालिग को बेचने की साजिश दिल्ली पुलिस ने की नाकाम, आरोपी दबोचा

About The Author

Related Posts