बरेवी तूफान: प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु और केरल के मुख्यमंत्रियों से बात की

Sach Kahoon Desk Picture
Published On

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ई पलानीस्वामी तथा केरल के मुख्यमंत्री वी पिनाराई से बात कर चक्रवाती (Barevi Hurricane) तूफान बरेवी के मद्देनजर उत्पन्न स्थिति की जानकारी ली और उन्हें केन्द्र की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। मोदी ने ट्विट कर कहा, ‘तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ई पलानीस्वामी के साथ टेलीफोन पर बात की। हमने राज्य के कुछ हिस्सों में चक्रवाती तूफान बरेवी के कारण उत्पन्न स्थिति पर चर्चा की।

केन्द्र तमिलनाडु को हर संभव मदद मुहैया करायेगा। मैं प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की कुशल क्षेम और सुरक्षा की प्रार्थना करता हूं। एक अन्य ट्विट में उन्होंने कहा, ‘केरल के मुख्यमंत्री वी पिनाराई से बात की और चक्रवाती तूफान बरेवी के कारण उत्पन्न स्थिति पर बातचीत की। केरल की मदद के लिए केन्द्र की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। मैं प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की कुशल क्षेम और सुरक्षा की प्रार्थना करता हूं। उल्लेखनीय है कि दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘बरेवी’ के तीन दिसंबर को तमिलनाडु तट के बहुत करीब आने का अनुमान है और यह चार दिसंबर की सुबह कन्याकुमारी तथा पंबन के बीच दक्षिण तमिलनाडु तट को पार कर जाएगा।

मौसम विभाग ने बुधवार को यहां बुलेटिन जारी कर बताया कि तूफान पिछले छह घंटों के दौरान 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम तथा पश्चिमोत्तर की ओर बढ़ा रहा है और मौजूदा समय में यह त्रिंकोमाली (श्रीलंका) से लगभग 240 किमी दूर पूर्व तथा दक्षिण-पूर्व में, पंबन से 470 किमी पूर्व-दक्षिण-पूर्व और कन्याकुमारी से 650 किलोमीटर पूर्व-पूर्वोत्तर में केंद्रित है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts