कैराना में स्मार्ट मीटरों के खिलाफ भाकियू खोलेगी मोर्चा
स्मार्ट मीटरों के खिलाफ ग्रामीणों और उपभोक्ताओं का गुस्सा फूटा
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana: भारतीय किसान यूनियन(टिकैत) की एक महत्वपूर्ण बैठक विगत रविवार को संगठन के नगराध्यक्ष चौधरी इनाम अली उर्फ कालू के नेतृत्व में कस्बे के मोहल्ला अफगानान में हाजी मोहम्मद अहमद खान के आवास पर संपन्न हुई। इस दौरान बिजली विभाग द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों में व्याप्त खामियों को लेकर गहन चर्चा हुई। बैठक के दौरान वक्ताओं ने विद्युत विभाग के द्वारा उपभोक्ताओं पर थोपे रहे स्मार्ट मीटरों को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर आम उपभोक्ताओं और किसानों का शोषण किया जा रहा है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में स्मार्ट मीटरों के खिलाफ भाकियू द्वारा रणनीति बनाकर शीघ्र मोर्चा खोलने की बात कही गई। इसके अलावा, शहर की विभिन्न बुनियादी समस्याओं और स्थानीय मुद्दों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। बैठक में संगठन की मजबूती और कार्ययोजनाओं पर सभी पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे। इस अवसर पर मंडल महासचिव पुष्कर सैनी, जिला सचिव चौधरी गुरदीप चौहान, ब्लॉक उपाध्यक्ष फैज़ान अहमद, सचिव चौधरी इमरान, उपाध्यक्ष मोहसिन जैदी, नगर महामंत्री आसिफ चौहान व नौशाद खाँ, हामिद खाँ, नईम मिर्जा आदि मौजूद रहे।