कोहरे की मोटी चादर की आगोश में दिल्ली एनसीआर

Published On

राष्ट्रीय राजमार्गो पर कोहरे के चलते वाहन रेंग रेंग कर चले

नई दिल्ली (सच कहूँ न्यूज)। पर्वतीय अंचलों पर हो रही बर्फवारी के चलते उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाके भीषण ठंड और कोहरे की मार झेल रहे हैं। बलिया से लेकर गाजियाबाद तक गुरूवार सुबह भी अधिसंख्य इलाके कोहरे की मोटी चादर की आगोश में समाये रहे। इस दौरान ज्यादातर क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहा जबकि धूप नहीं खिलने से अधिकतम तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार गलन भरी ठंड,शीतलहर और कोहरे का प्रकोप माह के अंत तक जारी रहने का अनुमान है। इस दौरान पूर्वी क्षेत्रों में कोल्ड डे जैसे हालात बन सकते हैं। दोपहर बाद धूप खिलने से ठंड से मामूली राहत मिलने के आसार है। मौसम के तल्ख रूख के चलते बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है जिससे व्यापार खासा प्रभावित हुआ है।

राष्ट्रीय राजमार्गो पर कोहरे के चलते वाहन रेंग रेंग कर चले। रेल और हवाई यातायात भी कोहरे के कारण खासा प्रभावित हुआ है। प्रयागराज से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार संगम तट पर आज सुबह घना कोहरा छाया रहा और दृश्यता का स्तर पांच मीटर से भी कम हो गया। ठंड और कोहरे से बेखबर हालांकि कल्पवासियों के उत्साह में कोई कमी नहीं आयी है और आज भी भीषण ठंड में लोगबाग गंगा यमुना के संगम पर आस्था की डुबकी लगाते नजर आये।

उत्तर प्रदेश में ठंड का कहर

ठंड के चलते आम लोग की तरह पशु पक्षी भी बुरी तरह प्रभावित हुये है। कानपुर और लखनऊ के प्राणि उद्यान में पशु पक्षियों को ठंड से बचाव के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। बस्ती से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार बस्ती मण्डल के तीनो जिलो बस्ती,सिद्धार्थनगर तथा संतकबीरनगर मे पिछले एक सप्ताह से ठंड का कहर जारी है। बुद्धवार दोपहर बाद धूप निकली लेकिन शाम होते ही घने कोहरा छा गया और बफीर्ली हवाएं चलने लगी इससे लोग घरो मे दुबकने को मजबूर हो गये है।

ओस की बूंदे ऐसे गिर रही है जैसे कि वर्षा हो रही है। बढ़ते ठंड से आवागमन भी प्रभावित है, बुद्धवार की शाम से ही कोहरे का कहर जारी है। मौसम के बदले इस मिजाज के चलते बाजारो मे चहल पहल कम दिखाई पड़ रहा है। प्रशासन द्वारा ठंड से बचने के लिए मण्डल भर मे नगरीय क्षेत्र के अलावा ग्रामीण क्षेत्रो मे अलाव की व्यवस्था करायी गयी है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts