कैराना पुलिस ने पकड़ा हथियारों का जखीरा, तस्कर गिरफ्तार

Published On

आरोपी के कब्जे से .32 बोर के 10 पिस्टल, 315 बोर के 05 तमंचे व 01 जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन तथा तस्करी में प्रयुक्त बाइक बरामद

  • मुख्य तस्कर फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर, पकड़े गए आरोपी को मुकदमा दर्ज करके भेजा गया जेल

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: पुलिस ने तीतरवाड़ा क्षेत्र में गश्त के दौरान एक अवैध हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से दस अवैध पिस्टल, पांच देशी तमंचे, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन व तस्करी में प्रयुक्त बाइक बरामद होने का दावा किया गया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को चालान करके जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य तस्कर फिलहाल पुलिस गिरफ्त से बाहर है।

पुलिस उप-महानिरीक्षक सहारनपुर के निर्देशानुसार परिक्षेत्र में अवैध शस्त्रों की बरामदगी एवं तस्करी पर अंकुश लगाए जाने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के आदेशानुसार आपराधिक गतिविधियों में लिप्त आरोपियों की धर-पकड़ हेतु चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को गश्त के दौरान तीतरवाड़ा-डुढार मार्ग पर स्थित नहर की पुलिया से एक संदिग्ध आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से .32 बोर की दस पिस्टल, 315 बोर के पांच तमंचे, 01 जिंदा कारतूस, ऑप्पो कंपनी का मोबाइल फोन, तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक बरामद होने का दावा किया गया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम व पता शोयब निवासी ग्राम तीतरवाड़ा बताया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के विरुद्ध आयुध अधिनियम की धारा-9/5/25 के तहत मुकदमा दर्ज करके उसके जेल भेज दिया है।

एमपी-महाराष्ट्र बॉर्डर से सप्लाई हो रहा था मौत का सामान | Kairana News

पकड़े गए आरोपी शोयब ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह मध्यप्रदेश के बुरहानपुर से अवैध हथियार लेकर आता था। वहां अकरम नामक हथियार तस्कर उसे रेलवे स्टेशन पर मिलता था और हथियारों को बैग में रखकर उसे सौंप देता था। वह नकद पैसे देकर अकरम को हथियारों का भुगतान कर देता था। अकरम से व्हाट्सएप कॉल पर ही उसकी बात होती थी। हथियारों को वह बाइक से लेकर आता था और अपने गांव के ही कादिर को बेच देता था। मंगलवार को भी वह कादिर को हथियार बेचने के लिए जा रहा था। कादिर को उसने पहले भी पिस्टल व तमंचे लाकर दिए है। पुलिस हथियार तस्करी के मुख्य आरोपी कादिर की तलाश में जुट गई है।

50 से 60 हजार रुपये में बिक जाती थी एक पिस्टल

एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बुरहानपुर मध्यप्रदेश में स्थित एक शहर है। यह महाराष्ट्र-मध्यप्रदेश की सीमा पर बसा है और अवैध हथियार तस्करी के लिए कुख्यात है। स्थानीय पुलिस वहां पर अवैध हथियार तस्करी के कृत्यों के खिलाफ कार्यवाही करती रहती है। पकड़े गए आरोपी ने बताया कि वह 15-20 हजार रुपये में पिस्टल खरीदकर लाता था, जिसे यहां क्षेत्र में 50 से 60 हजार रुपये में आसानी से बेच देता था। इसी लालच के चलते वह हथियार तस्करी के धंधे में लिप्त हो गया। पकड़ा गया आरोपी शोएब हथियार तस्करी के आरोप में पहली बार जेल गया है।

यह भी पढ़ें:– Railway News: गर्मियों की छुट्टियों में भीड़ कम करने के लिए उत्तर रेलवे ने 27 समर स्पेशल ट्रेनों का किया ऐलान, जानें कौन-कौन से रूट होंगे कवर

About The Author

Related Posts