सेंट आरसीएस एकेडमी के बच्चों ने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में मारी बाजी
सेंट आरसीएस एकेडमी के बच्चों ने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में मारी बाजी
शिकोहाबाद (सच कहूँ न्यूज़)। Shikohabad News: सेंट आर.सी.एस. एकेडमी के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रदर्शन से ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में सफलता हासिल की है। इस प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र छात्राओं को मेडल एवं सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। वहीं सभी प्रतिभागियों को उनके उत्साहवर्धन हेतु अमेज़न वाउचर भी प्रदान किए जाएंगे। इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों में कुंज पुत्र श्री राजीव, नितिका पुत्री संदेश कुमार, ज्योति पुत्री रामस्वरूप, यश्वी पुत्री कृष्णकांत, तेजस पुत्र श्री वेदप्रकाश, मानवी पुत्री राहुल, राशि पुत्री प्रदीप, गुड़िया पुत्री भूप सिंह तथा शिव आराध्या पुत्री श्री शिव कुमार हैं।
इस दौरान ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी की ओर से विद्यालय में “ क्वालिटी चेक प्रोग्राम ” भी आयोजित किया गया, जिसके अंतर्गत शिक्षकों की शिक्षण पद्धति, कक्षा संचालन एवं विद्यार्थियों के साथ उनकी सहभागिता का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था एवं शिक्षकों के पढ़ाने के तरीकों को अत्यंत प्रभावशाली पाया गया तथा उनकी सराहना की गई। साथ ही शिक्षण को और अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाने हेतु कुछ महत्वपूर्ण सुझाव एवं टिप्स भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर ऑक्सफ़ोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस से पधारे अतिथि शिक्षिका स्वागता एवं आशीष कुमार ने विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता, आत्मविश्वास और सीखने की शैली की प्रशंसा की। विद्यालय की सफलता पर प्रधानाचार्या पुष्पा यादव ने सभी मेधावियों का उत्साहवर्धन किया। साथ ही विद्यालय के शिक्षको को भी बधाई दी है।