शिखर शिक्षा सदन सीनियर सैकेंडरी स्कूल की छात्रा बनी एक दिन की थानाध्यक्ष, मीरापुर में अनोखी पहल

Published On

मीरापुर (सच कहूं/कोमल प्रजापति)। Mirapur News: महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” अभियान के तहत मीरापुर थाना परिसर में एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। शिखर शिक्षा सदन सीनियर सेकेंडरी स्कूल की कक्षा 12 की छात्रा रिद्धि गुप्ता को एक दिन के लिए मीरापुर थाने का प्रभारी (थानाध्यक्ष) बनाया गया। इस अनूठे अनुभव ने न केवल रिद्धि के आत्मविश्वास को बढ़ाया, बल्कि क्षेत्र की अन्य छात्राओं को भी प्रेरित किया।

थाने पहुंचने पर थाना प्रभारी राजीव शर्मा ने रिद्धि गुप्ता का स्वागत किया और उन्हें पुलिस टीम से परिचित कराया। इस दौरान उन्हें पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के तरीके और शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। रिद्धि ने थाने में बैठकर आम जनता की समस्याएं सुनीं और हर शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। Mirapur News

इस मौके पर इंस्पेक्टर सुनील मिश्रा, एसएसआई महेंद्र गौतम और महिला एसएसआई ममता अत्री सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। ममता अत्री ने रिद्धि को महिलाओं से जुड़े मामलों और उनकी सुरक्षा से संबंधित प्रक्रियाओं के बारे में विशेष जानकारी दी। रिद्धि ने भी पुलिस कार्यप्रणाली में गहरी रुचि दिखाई और अधिकारियों से कई सवाल पूछे, जिनका विस्तार से उत्तर दिया गया।

रिद्धि गुप्ता ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह अवसर उनके लिए बेहद खास और प्रेरणादायक रहा। उन्होंने कहा कि बेटियां किसी से कम नहीं हैं और शिक्षा व मेहनत के बल पर हर क्षेत्र में सफलता हासिल की जा सकती है।

कार्यक्रम के दौरान गांव और आसपास के क्षेत्रों से महिलाएं और बच्चियां भी थाने पहुंचीं और रिद्धि को शुभकामनाएं दीं। विद्यालय की प्रबंधिका शिखा शर्मा और निदेशक राजेश शर्मा ने इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से छात्राओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। Mirapur News

इस पहल को क्षेत्र में व्यापक सराहना मिल रही है और लोगों का मानना है कि ऐसे प्रयास समाज में बेटियों को सम्मान दिलाने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

यह भी पढ़ें:– Haryana Health Department: सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी होगी दूर, 195 पदों पर होगी भर्ती: आरती राव

About The Author

Related Posts