हमसे जुड़े

Follow us

22.5 C
Chandigarh
Monday, February 16, 2026
More
    Home फटाफट न्यूज़ शाह ने दलित क...

    शाह ने दलित के घर किया भोजन

    Amit Shah, Vasundhara Raje, Eat, Food, Dalit Home, Rajasthan

    दाल-चावल के साथ थी खीर और हलुआ

    जयपुर (सच कहूँ न्यूज)। राजस्थान के दौरे पर आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को एक दलित के घर भोजन किया। शाह के साथ सीएम राजे व अन्य लोगों ने भी भोजन किया। सभी को सादा भोजन परोसा गया। इससे पहले जून में राजस्थान आए गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने भी एक दलित के घर भोजन किया था।

    शाह शहर के सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र स्थित सुशीलपुरा में दलित रमेश पचारिया के घर भोजन करने पहुंचे। सुशील का घर नगर निगम के वार्ड 29 में है। शाह के साथ सीएम वसुंधरा राजे व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी भी थे। गाड़ी में शाह आगे की सीट पर और राजे तथा परनामी पीछे की सीट पर बैठे थे।

    शाह के आने से पहले रमेश के घर पर महिलाएं मंगल गीत गा रही थीं। इस बारे में उनसे पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह हमारी संस्कृति का हिस्सा है। मेहमानों का स्वागत तिलक लगाकर इन गीतों से किया गया। महिलाओं व बालिकाओं ने शाह व उनके साथ आए लोगों का स्वागत मंगल गीतों से किया भोजन के दौरान भी महिलाएं मंगल गीत गाती रहीं।

    इन लोगों ने किया भोजन

    रमेश के घर शाह के साथ सीएम राजे, अशोक परनामी, वी सतीश, अरुण चतुवेर्दी, भूपेंद्र यादव, राजेंद्र राठौड़ व अन्य लोगों ने भोजन किया। सभी ने जमीन पर दरी पर बैठ कर भोजन किया। रमेश का घर संकरी गली में था इसलिए केवल एक ही वाहन को वहां तक लाया गया। इसमें शाह, राजे और परनामी सवार थे।

    खास मेहमानों को सादा भोजन परोसा गया। भोजन में गट्टे की सब्जी, दही, दाल-चपाती, खीर, हलवा, कम मिर्ची की दाल, भिंडी तथा आलू की सब्जी थी। पूरा भोजन घर में ही तैयार किया गया था। कुल्हड़ में पानी परोसा गया। सभी मेहमानों को पत्तल पर भोजन परोसा गया। रमेश की मां बिरधी ने बताया कि शाह को भोजन पसंद आया।

    गलियों में घूमीं सीएम

    रमेश के घर भोजन करने आईं सीएम राजे सिविल लाइंस की गलियों में घूमीं तथा लोगों के साथ सेल्फी भी ली। इससे पहले राजनाथ ने किया था दलित के घर भोजन केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने नौ जून को जयपुर के दूदू में एक गाड़िया लुहार के घर भोजन किया था। उन्हें राजस्थानी थाली परोसी गई थी। भोजन के बाद राजनाथ बोले थे आनंद आ गया। राजनाथ ने फर्श पर बिछी दरी पर बैठकर अन्य नेताओं के साथ भोजन किया।

    Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।