एंटीलिया केस : पूर्व एनकाउंटर स्पेशलिस्ट प्रदीप शर्मा हिरासत में, पूछताछ जारी

Published On

मुंबई। मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया केस और मनसुख मर्डर मामले में रोज नए-नए खुलासे सामने आ रहे हैं। वीरवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी एनआईए ने मुंबई के पूर्व एनकाउंटर स्पेशलिस्ट और शिवसेना नेता प्रदीप शर्मा के घर पर छापा मारा। इस दौरान एनआईए ने प्रदीप शर्मा को हिरासत में ले लिया और पूछताछ की। बताया जा रहा है कि प्रदीप काफी समय से एनआईए के रडार पर थे। लेकिन पुख्ता सबूत न मिलने के चलते उस पर हाथ नहीं डाल रही थी। अब एनआईए को शर्मा के खिलाफ सबूत मिले हैं।

एनआईए टीम मुंबई के अंधेरी में जेपीनगर क्षेत्र की भगवान भवन बिल्डिंग की छठी मंजिल पर स्थित प्रदीप शर्मा के आवास पर पहुंची और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की जांच शुरू कर दी। एनआईए के साथ सीआरपीएफ की टीम भी रही, जिनमें कुछ महिला अधिकारी भी शामिल थी।

प्रदीप शर्मा पर ऐसे हुआ शक

बताया जा रहा है कि मनसुख की हत्या से कुछ दिन पहले सचिन वझे और एक व्यक्ति के बीच अंधेरी इलाके में एक बैठक हुई थी। प्रदीप शर्मा भी इसी क्षेत्र में रहते हैं। जांच एजेंसी को शक है कि इस मीटिंग में वझे के साथ दूसरा शख्स प्रदीप शर्मा ही था। इसके अतिरिक्त एक सीसीटीवी फुटेज में सचिन वझे और विनायक शिंदे बांद्रा वर्ली सी लिंक पर एक कार में बैठे दिखाई दिए। एजेंसी को संदेह है कि ये दोनों अंधेरी में प्रदीप शर्मा के पास ही गए थे। क्योंकि मनसुख हिरेन को जिस नंबर से फोन करके बुलाया गयाथा, उसकी अंतिम लोकेशन अंधेरी का जेबी नगर ही था।

सचिन और शिंदे सहित कई अफसरों से रहे हैं संपर्क

एंटीलिया केस में सचिन वाझे को मुख्य सूत्रधार माना जा रहा है। 15 मार्च को एनआईए ने निलंबित पुलिस अधिकारी सचिन वाझे को गिरफ्तार करके उससे लंबी पूछताछ की। इस दौरान सचिन वाझे ने कई अहम् खुलासे किए। वहीं पूर्व एनकाउंटर स्पेशलिस्ट प्रदीप शर्मा और सचिन वाझे की करीबी किसी से छिपी नहीं है। प्रदीप शर्मा पर कई आरोप लग रहे हैं। इसके अतिरिक्त मनसुख हिरेन की हत्या के मामले में गिरफ्तार किए गए पूर्व कॉन्स्टेबल विनायक शिंदे भी प्रदीप शर्मा का नजदीकी रहा है। वहीं हाल ही में जब संतोष सेल्लार और आनंद जाधव को गिरफ्तार किया तो उसमें भी प्रदीप शर्मा का नाम आया। ये भी बताया जा रहा है कि प्रदीप शर्मा और संतोष सेल्लार में गहरी दोस्ती है।

पहले भी लगे हैं गंभीर आरोप

प्रदीप शर्मा 1983 बैच के आईपीएस अफसर हैं। मुंबई में उन्हें एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के तौर पर जाना जाता है। हालांकि उन पर अंडरवर्ल्ड के साथ रिश्ता होने के आरोप लगे थे। छोटा राजन के गुर्गे लखन भैया के फर्जी एनकाउंटर का आरोप प्रदीप शर्मा और विनायक शिंदे समेत उनकी टीम पर लगा था। इस मामले में प्रदीप शर्मा सस्पेंड हुए थे, लेकिन बाद में कोर्ट ने बरी कर दिया था। 2019 के विधानसभा चुनाव में प्रदीप शर्मा शिवसेना की टिकट पर नालासपोरा से चुनाव लड़े थे।

क्या हैं एंटीलिया मामला

गौरतलब है कि 25 फरवरी को देश के सबसे बड़े उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के बाहर विस्फोटक से भरी एक स्कॉर्पियो मिली थी। गाड़ी में 20 जिलेटिन की छड़ें और एक धमकी भरा नोट मिला था। इस मामले में वाहन मालिक मनसुख हिरेन की मौत हो चुकी है। एनआईए इस मामले की जांच कर रही है।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts