IMD Alert: भीषण गर्मी के बीच खुशखबरी, इस दिन से बदलेगा मौसम, हरियाणा, पंजाब, यूपी समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट
IMD Alert: भीषण गर्मी के बीच खुशखबरी, इस दिन से बदलेगा मौसम, हरियाणा, पंजाब, यूपी समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट
IMD Alert: हिसार, संदीप सिंहमार। देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और लू के थपेड़ों ने दिन के समय घर से बाहर निकलना चुनौती बना दिया है। ऐसे में हर किसी को बारिश और ठंडे मौसम का इंतजार है। अब मौसम विभाग की ताजा जानकारी राहत देने वाली है। उत्तर भारत में कई दिनों से जारी प्रचंड गर्मी के बीच मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ बदलेगा मौसम का मिजाज | IMD Alert
मौजूदा समय में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान और उत्तर पाकिस्तान के क्षेत्रों को प्रभावित कर रहा है। इसका असर अगले कुछ दिनों में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में दिखाई देगा। यहां हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, तेज बौछारें और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना है। ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और मौसम सुहावना बनेगा।
तराई और मैदानी इलाकों में भी दिखेगा असर
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के निचले क्षेत्रों में बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। हालांकि बारिश का दायरा सीमित रहेगा, लेकिन लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर महसूस होगी। दिन में गर्मी बनी रहेगी, जबकि शाम के समय मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
23 मई तक आंधी और बूंदाबांदी की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार इस सिस्टम का प्रभाव मैदानी इलाकों में भी दिखाई देगा। 23 मई तक पंजाब, हरियाणा, उत्तर-पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में धूल भरी आंधी, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। हालांकि दिन के समय गर्मी का असर कम नहीं होगा और तापमान में बड़ी गिरावट की उम्मीद नहीं है।
इन राज्यों में अभी नहीं मिलेगी राहत
राजस्थान, मध्य प्रदेश, बुंदेलखंड, अवध और पूर्वांचल के अधिकांश हिस्सों में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। यहां मौसम साफ रहेगा और तेज धूप के साथ लू का प्रकोप जारी रहेगा। लोगों को अभी कुछ दिन और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
25 मई को फिर सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 25 मई के आसपास एक और पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत की ओर बढ़ेगा। इसके प्रभाव से पंजाब, हरियाणा, उत्तर राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और कुछ पूर्वी उत्तर प्रदेश के इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी की गतिविधियां दोबारा शुरू हो सकती हैं। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज बौछारें भी पड़ सकती हैं।
28 मई से शुरू होगा बारिश का बड़ा दौर
सबसे अहम बदलाव 28 मई के बाद देखने को मिल सकता है। इस दौरान बंगाल की खाड़ी में एक मजबूत चक्रवाती परिसंचरण क्षेत्र बनने की संभावना है, जो देश के अंदर नमी पहुंचाएगा। इसके साथ नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में व्यापक स्तर पर हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि 30 और 31 मई को बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं तथा यह सिलसिला 3 जून तक जारी रहने की संभावना है। इससे उत्तर और मध्य भारत के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
भीषण गर्मी से कब मिलेगी राहत?
फिलहाल 28 मई तक उत्तर भारत में गर्मी का दौर जारी रहने की संभावना है। इसके बाद बारिश और पूर्वी हवाओं के सक्रिय होने से तापमान में गिरावट आएगी। हालांकि उमस बढ़ सकती है, लेकिन लगातार बारिश की वजह से लोगों को भीषण गर्मी और लू से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।