पंजाब में बहुत बड़ा हादसा, मची चीख-पुकार, हाईवे पर लंबा जाम

पंजाब में बहुत बड़ा हादसा, मची चीख-पुकार, हाईवे पर लंबा जाम

Sach Kahoon Picture
Published On

मोहाली, एमके शायना। मोहाली के जीरकपुर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। छत लाइट चौक के पास मनाली से दिल्ली जा रही यात्रियों से भरी एक निजी बस तेज रफ्तार ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में करीब 20 से 22 यात्री घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार निजी बस अपने निर्धारित रूट पर मनाली से दिल्ली की ओर जा रही थी। जैसे ही बस जीरकपुर के छत लाइट चौक के पास पहुंची, तभी पटियाला की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। अचानक हुए इस हादसे में बस चालक संतुलन खो बैठा और बस सड़क के बीचों-बीच पलट गई।

बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री सीटों से उछलकर नीचे गिर पड़े, जबकि कुछ लोग बस के अंदर ही फंस गए। हादसे के दौरान एक युवक बस के नीचे दब गया, जिससे उसका हाथ गंभीर रूप से कुचल गया।

स्थानीय लोगों ने बचाई कई जानें

घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में अहम भूमिका निभाई। बस की खिड़कियां तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को तुरंत डेराबस्सी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।

हादसे से हाईवे पर लगा लंबा जाम

बस पलटने के कारण हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और करीब दो घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। बाद में पुलिस ने हाइड्रा मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटवाया, जिसके बाद ट्रैफिक सामान्य हो सका।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे की मुख्य वजह बस और ट्रक दोनों की तेज रफ्तार मानी जा रही है। पुलिस दोनों वाहन चालकों से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे

यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े करता है। विशेषज्ञों का मानना है कि हाईवे पर ओवरस्पीडिंग और लापरवाही से वाहन चलाना ऐसे हादसों की सबसे बड़ी वजह बनता जा रहा है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन बेहद जरूरी है।

About The Author

Ad Ad

Related Posts