मोहाली में आप विधायक डिम्पी ढिल्लों को पुलिस ने नाके पर रोका, एएसआई सस्पेंड

मोहाली में पुलिस चेकिंग के दौरान हुआ विवाद, वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई

Sarvesh Kumar Picture
Published On

मोहाली (सच कहूँ न्यूज)। मोहाली में आम आदमी पार्टी के गिद्दड़बाहा से विधायक हरदीप सिंह डिम्पी ढिल्लों और पुलिस के बीच हुए विवाद तूल पकड़ चुका है। विधायक ने मोहाली पुलिस के एक एएसआई पर बदसलूकी और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाया है। शिकायत के बाद मोहाली के एसएसपी हरमंदीप सिंह हंस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एएसआई लखबीर सिंह को सस्पेंड कर दिया।

जानकारी के अनुसार, विधायक ढिल्लों अपनी पत्नी और चालक जगतार के साथ मोहाली में खाना खाने जा रहे थे। जब उनकी गाड़ी फेज-8 थाना क्षेत्र में लगाए गए पुलिस नाके पर पहुंची तो वहां तैनात एएसआई लखबीर सिंह ने उनके वाहन को रोक लिया। पुलिसकर्मी ने गाड़ी पर लगी ब्लिंकर लाइट को लेकर सवाल पूछे और चालक से वाहन संबंधी जानकारी मांगी।

चालक ने बताया कि गाड़ी में मौजूदा विधायक सवार हैं और वाहन विधानसभा में रजिस्टर्ड है। इसके बावजूद एएसआई ने विधायक का पहचान पत्र दिखाने के लिए कहा। चालक ने मोबाइल फोन में विधायक का आईडी कार्ड दिखाने की कोशिश की लेकिन एएसआई ने साथ खड़े कांस्टेबल को निर्देश देते हुए कहा कि अगर यह मौजूदा विधायक हैं तो उन्हें जाने दिया जाए, अन्यथा चालान काटा जाए।

घटना के बाद विधायक ढिल्लों ने वीडियो जारी कर पुलिस अधिकारी के व्यवहार पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए। पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले के सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए संबंधित एएसआई को सस्पेंड कर दिया।

SHO-suspended
सांकेतिक फोटो

About The Author

Related Posts