Heavy Rain: मोहाली, चंडीगढ़ सहित पंचकूला में तूफान व बारिश ने मचाई भारी तबाही
4 दर्जन से करीब लग्जरी गाड़ियां और गिरे पेड़, शाम तक रही बिजली प्रभावित
चंडीगढ़ (सच कहूँ/अश्वनी चावला)। Chandigarh Panchkula News: ट्राईसिटी में शामिल मोहाली, चंडीगढ़ और पंचकूला में रविवार को सुबह ही तूफान और तेज बारिश ने जमकर तबाही मचाई और करोड़ों रुपये का नुकसान किया। सबसे ज्यादा नुकसान हरियाणा और पंजाब के बिजली निगम को हुआ है, जहाँ बड़ी बिजली की लाइनों के गिरने के कारण 12 घंटे से ज्यादा बिजली प्रभावित रही। यहांँ चंडीगढ़ में पेड़ गिरने के कारण बिजली के तार टूटने की खबर है, लेकिन बिजली निगम का ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। चंडीगढ़ में आम लोगों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है, क्योंकि जो पेड़ टूटकर गिरे हैं, उनमें से ज्यादातर ने गाड़ियों को अपना शिकार बनाते हुए उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, मौसम विभाग द्वारा एक दिन पहले ही अलर्ट जारी किया गया था कि चंडीगढ़ और पंचकुला सहित मोहाली में भारी मौसम खराब हो सकता है और तेज हवाओं से भी नुकसान हो सकता है, जबकि पंजाब के कुछ जिलों में बारिश होने की जानकारी दी गई थी। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद भी मोहाली, चंडीगढ़ और पंचकुला में इतनी ज्यादा तबाही होगी, इसका किसी को अंदाजा नहीं था। यहाँ के लोगों द्वारा इसे आम अलर्ट की तरह लिया गया था, जिसके कारण सबसे ज्यादा नुकसान गाड़ियों का हुआ।
रविवार को सुबह लगभग 7 बजे मौसम खराब हुआ था और 7:30 बजे बारिश और तेज हवाओं से तबाही मचानी शुरू कर दी गई थी। सुबह के समय ऐसा लग रहा था जैसे रात हो गई हो। अंधेरे के कारण आम लोगों को बाहर कुछ दिखाई नहीं दे रहा था और तेज झोकों के कारण पेड़ और बिजली के खंभे टूटकर गिर गए, जिससे बिजली भी बंद हो गई। लगभग डेढ़ घंटे तक मौसम के खराब रहने के बाद कुछ हालात में सुधार आया, लेकिन बिजली के खंभों और पेड़ों को ठीक करने में प्रशासन को पूरा दिन लग गया, जिसके कारण ट्राईसिटी के ज्यादातर इलाकों में देर शाम तक ही बिजली बहाल हो पाई।