कांग्रेस ने किया एचपीएससी कार्यालय का घेराव

Published On

सुरजेवाला समेत कई नेता लिए हिरासत में, बाद में छोड़े

पंचकूला (सच कहूँ न्यूज)। कांग्रेस ने भर्ती घोटाले को लेकर हरियाणा सरकार व हरियाणा लोक सेवा आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला, हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा की अध्यक्षता में मंगलवार को पंचकूला में एचपीएससी कार्यालय का घेराव करके कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। इस दौरान हरियाणा कांग्रेस प्रभारी विवेक बंसल, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी मौजूद रहे।

इस मौके पर रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा लोक सेवा आयोग पर आरोप लगाते हुए कहा कि हरियाणा लोक सेवा आयोग नौकरियां नीलाम करने वाले और भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है। प्रदर्शन में पूर्व मंत्री किरण चौधरी, हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री चन्द्रमोहन, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुधा भारद्वाज, कालका से विधायक प्रदीप चौधरी, विधायक अमित सिहाग सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने इन सभी नेताओं को हिरासत में लिया, पुलिस सभी नेताओं को बस में बैठा कर थाने ले गई। हालांकि कुछ देर के बाद इन नेताओं को रिहा कर दिया गया।

पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर पहुंच चुकी है। युवा रोजगार के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहा है और सरकार उन नौकरियों को दुकान में रखे सामान की तरह बेच रही है। जिनके पास लाखों रुपए हैं, वो नौकरी खरीद कर ले जाएं। वहीं कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस जनता की बात सड़क से लेकर सदन तक उठाती रही है। सैलजा ने कहा कि भाजपा का लोकतंत्र में विश्वास नहीं है। हरियाणा सरकार का एक-एक फैसला तानाशाही की मिसाल है।

गौरतलब है कि विजिलेंस ब्यूरो ने एचपीएससी की ओर से ली जाने वाली डेंटल सर्जन भर्ती की परीक्षा के दौरान ओएमआर शीट खाली छोड़ने वालों का चयन करने का खुलासा किया था। 17 नवंबर को भिवानी निवासी नवीन पंचकूला में 20 लाख रुपये लेते पकड़ा गया था। वहीं से इस पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts