हरियाणा में पहली बार अक्षरा इंटरनेशनल स्कूल में ई - इलेक्शन चुनाव, बच्चों ने सीखा लोकतंत्र का असली मतलब
पिहोवा (सच कहूँ न्यूज़)। Pehowa News: हरियाणा में पहली बार अक्षरा इंटरनेशनल स्कूल पिहोवा में पहली बार ई- इलेक्शन चुनाव किया गयाl अक्षरा इंटरनेशनल स्कूल में स्टूडेंट काउंसिल के चुनाव बड़े ही व्यवस्थित, लोकतांत्रिक और उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किए गए। इस अनोखी पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों को भारतीय चुनाव प्रणाली और मतदान की प्रक्रिया से अवगत कराना था। चुनाव में छात्रों के साथ-साथ स्कूल स्टाफ ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने मत का प्रयोग किया। चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह चरणबद्ध तरीके से संपन्न हुई।
सबसे पहले इच्छुक छात्रों ने नामांकन पत्र भरकर जमा किए। इसके बाद स्कूल द्वारा निर्धारित मापदंडों के आधार पर उम्मीदवारों का चयन किया गया। चयनित उम्मीदवारों ने अपने विचार और योजनाएं प्रभावशाली भाषणों के माध्यम से प्रस्तुत कीं, जिसके बाद अंतिम मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई। मतदान के दिन छात्रों के नाम का सत्यापन किया गया और उनकी उंगली पर इंक मार्क लगाया गया, ठीक उसी प्रकार जैसे भारत के आम चुनावों में होता है। इसके बाद तकनीकी माध्यमों से छात्रों ने अपने पसंदीदा उम्मीदवारों को वोट दिया, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और आधुनिक बनी रही। इस दौरान कंप्यूटर टीचर्स सहित सभी शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस आयोजन में स्कूल के प्रिंसिपल दुर्गेश कुमार शर्मा ने पूरे चुनाव को सफलतापूर्वक संचालित किया। वहीं स्कूल की चेयरपर्सन पूनम काहड़ा और एमडी जन्नत काहड़ा भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं और बच्चों का उत्साहवर्धन किया l चेयरपर्सन पूनम काहड़ा ने कहा कि इस प्रकार के चुनाव बच्चों को लोकतंत्र की जड़ों से जोड़ते हैं और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ ऐसे व्यावहारिक अनुभव बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
एमडी जन्नत काहड़ा ने अपने बयान में कहा कि स्कूल का उद्देश्य केवल किताबों तक सीमित शिक्षा देना नहीं, बल्कि बच्चों को वास्तविक जीवन की प्रक्रियाओं से जोड़ना भी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और निर्णय लेने की योग्यता विकसित करते हैं। स्कूल प्रबंधन की इस पहल को सभी ने सराहा और इसे एक प्रेरणादायक एवं शिक्षाप्रद कदम बताया।