पीएनबी में ग्राहकों के थैले काटकर हुई चोरी की घटनाओं को अनावरण, दो महिला आरोपी गिरफ्तार

महिला आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 70 हजार रुपये की नकदी बरामद, मध्य प्रदेश के जनपद राजगढ़ की निवासी है दोनों महिला आरोपी

Published On

कैराना (सच कहूँ/संदीप इन्सां)। Kairana News: सदर कोतवाली पुलिस ने पंजाब नेशनल बैंक शामली में किसानों के थैले काटकर रुपये चुराने की अलग-अलग घटनाओं का अनावरण करते हुए दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से चोरी की गई 70 हजार रुपये की धनराशि बरामद हुई है। पकड़ी गई दोनों महिला आरोपी मध्यप्रदेश के जनपद राजगढ़ की निवासी है। पुलिस ने दोनों आरोपी महिलाओं को जेल भेज दिया है।

सीओ सदर जितेंद्र सिंह ने बताया कि इसी वर्ष 11 फरवरी को सरदार सिंह निवासी ग्राम भाजू थाना बाबरी के बड़े भाई जयपाल सिंह पीएनबी बैंक की शामली शाखा से रुपये निकालने के लिए गए थे। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके रुपयों का थैला काटकर धनराशि चोरी कर ली। दूसरी घटना इसी वर्ष 16 मार्च को संसार सिंह निवासी मोहल्ला दयानन्दनगर शामली के साथ में घटित हुई थी। संसार सिंह पीएनबी बैंक शामली से 1.10 लाख रुपये निकालने के पश्चात पासबुक में एंट्री कराने लगे। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने थैला काटकर उसमें से 50 हजार रुपये चोरी कर लिये।

दोनों घटनाओं के मुकदमें कोतवाली शामली पर सुसंगत धाराओं में पंजीकृत किये गये थे। वहीं, पुलिस अधीक्षक शामली ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को आरोपियों की गिरफ्तारी एवं घटनाओं के शीघ्र अनावरण हेतु निर्देशित किया था। इसी क्रम में शुक्रवार को एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार चोरी की घटनाओं में लिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र गौतम व एसआई शैलेंद्र पुनिया तथा महिला कांस्टेबल छमा रानी ने पीएनबी बैंक में ग्राहकों के थैले काटकर हुई चोरी की दोनों घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से चोरी किये गए 70 हजार रुपये बरामद हुए है।

पुलिस पूछताछ में महिला आरोपियों ने अपना नाम व पता सोनम उर्फ सोनिका निवासी कडिया साँसी व शिवली उर्फ अनीता निवासी गुलखेडी थाना बोडा जनपद राजगढ मध्य प्रदेश बताए। पकड़ी गई दोनों महिला आरोपियों को चालान करके जेल भेज दिया गया है। उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र गौतम ने बताया कि पकड़ी गई महिलाओं का एक बड़ा गैंग है, जिसमें अनेकों लोग शामिल है। यह गैंग पश्चिमी उत्तर-प्रदेश के मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, मुरादाबाद, शामली समेत कई जनपदों में पहुंचकर शादी-विवाह एवं बैंक आदि भीड़-भाड़ वाले व्यस्त स्थानों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते है। घटना के पश्चात वह आराम से अपने घर के निकल जाते है। दोनों महिला आरोपियों को सीसीटीवी फुटेज आदि की सहायता से डिटेक्ट करके मध्यप्रदेश से पकड़कर लाया गया है। इनके खिलाफ दूसरे स्थानों पर भी चोरी की घटनाओं के मुकदमें दर्ज है।

About The Author

Related Posts