अब सौरमंडल के बारे में विस्तार से जान सकेंगे सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी

Published On

खंड स्तर पर दो-दो स्कूलों में बनेगी विशेष साइंस लैब

खंड स्तर पर बनने वाली लैब के लिए जारी हुई साढ़े चार चार लाख रुपये की राशि

सच कहूँ/सुनील वर्मा, सरसा। सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को सौरमंडल में ग्रह-नक्षत्र, सूर्य व चंद्रग्रहण के बारे में विस्तार से जानकारी देने के लिए हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद् ने नई पहल की हैं। अब समग्र शिक्षा अभियान के तहत खंड स्तर पर दो-दो सरकारी विद्यालयों में विशेष साइंस लैब तैयार की जाएगी। ताकि विद्यार्थी सौरमंडल की विभिन्न क्रियाकलाप नजदीक से देख व सीख सकें।

विभाग द्वारा दोनों लैब पर साढ़े चार चार लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इसके लिए विभाग को प्रस्ताव बनाकर भेजे दिए गए हैं। गौरतलब है कि सरकारी विद्यालयों में साइंस के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए समय-समय पर कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी के साथ विद्यार्थियों द्वारा नई तकनीक पर मॉडल भी तैयार किए जाते हैं।

ज्ञान में होगी वृद्धि

सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की विज्ञान विषय के प्रति रुचि बढ़ाई जा रही है। स्कूलों में अब विशेष साइंस लैब बनाई जाएगी। खंड स्तर के दो स्कूलों में विशेष लैब बनने से दूसरे स्कूलों के विद्यार्थी भी भ्रमण कर सकेंगे। इस लैब में सौर मंडल के सबसे बड़ा ग्रह बृहस्पति, पिंड चंद्रमा और सबसे चमकीले तारे, साइरस को नजदीक से देखकर विद्यार्थी रोमांचित होंगे। इसी के साथ विद्यार्थियों को सौर प्रर्क्रिया समझने में आसानी होगी।

स्कूलों का होगा चयन

विशेष साइंस लैब बनने लिए खंड स्तर पर दो सरकारी स्कूलों का चयन होगा। स्कूलों में 400-600 फीट की लैब होगी। इस आधुनिक लैब के बारे में अध्यापकों को पहले प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिससे विद्यार्थियों को समझाने में किसी प्रकार की कोई दिक्कतें न आए।

स्कूलों में बने हैं साइंस पार्क

सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों में साइंस के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए साइंस पार्क स्थापित किए गये हैं। इनमें साइंस व गणित संबंधी आकृति पार्क में बनाई गई है। जिससे स्कूली छात्रों को खेल खेल में साइंस की जानकारी मिल रही हैं। इसी के साथ साइंस के विशेषज्ञ से विद्यार्थियों को रूबरू करवाया जा रहा है। कालेजों के विषय विशेषज्ञ विभिन्न प्रयोग करके भी दिखा रहे हैं। साथ ही इन विषयों में से जुड़े करियर के विकल्प भी बताए जा रहे हैं।

खंड स्तर पर दो-दो स्कूलों में विशेष साइंस लैब बनाई जाएगी। एक विशेष साइंस लैब पर साढ़े चार लाख रुपये की राशि खर्च होगी। इससे विद्यार्थियों को काफी कुछ सीखने को मिलेगा।

गोपाल कृष्ण शुक्ला, सहायक परियोजना समन्वयक, समग्र शिक्षा अभियान, सरसा।

शिक्षा विभाग सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों में साइंस के प्रति रूचि पैदा करने के लिए नित नई पहल कर रहा है। अब ब्लॉक स्तर पर दो-दो सरकारी स्कूलों में विशेष साइंस लैब तैयार की जाएगी। लैब से सौरमंडल में ग्रह-नक्षत्र, सूर्य व चंद्रग्रहण के बारे में विद्यार्थियों को नजदीक से देखने व सीखने का मौका मिलेगा।

बूटाराम, जिला परियोजना समन्वयक, समग्र शिक्षा अभियान सरसा।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts