ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पांचवें दिन भी जारी
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से गांवों में सफाई व्यवस्था प्रभावित
खरखौदा (सच कहूँ न्यूज़)। Kharkhoda News: हरियाणा ग्रामीण सफाई कर्मचारी की हड़ताल पांचवें दिन भी जारी रही। खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में हड़ताल पर बैठे खरखौदा ब्लॉक के ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने बीडीपीओ कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। ब्लॉक स्तर पर लोकल समस्याओं के समाधान के लिए दोपहर 1:00 बजे बीडीपीओ सुरेंद्र आर्य की अध्यक्षता में मीटिंग हुई।
मीटिंग में बीडीपीओ द्वारा आश्वासन दिया गया है कि कर्मचारियों की ब्लॉक स्तर की समस्याओं का जल्द ही समाधान कर दिया जाएगा। मीटिंग में कर्मचारी नेता रोहतास , चांद, सीटू जिला सचिव सुनीता व बलॉक प्रधान रेखा सोनिया मीणा शामिल रहे। हड़ताल कर रहे कर्मचारियों ने बताया की गांव में सफाई के कार्य को करने में अनेकों तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। अभी भी गांव के सरपंचों द्वारा सफाई कर्मचारियों से मनमाने तरीके से कार्य करवाए जाते हैं अगर सफाई कर्मचारी सरपंच के कहे अनुसार कार्य नहीं करते हैं तो सरपंच द्वारा उनकी हाजिरी काट दी जाती है और ब्लॉक में झूठी शिकायत देकर वेतन काट दिया जाता है । कर्मचारी को नौकरी से हटाने की धमकी दी जाती है।
कई कर्मचारियों को अलग-अलग समय पर नौकरी से हटाया गया है। ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन ने सरकार से मांग कि निष्पक्षता से हटाए गए कर्मचारियों की सूची तैयार करवाई और कमेटी बनाकर हटाने के कर्म का पता लगाया जाए और कर्मचारी के साथ न्याय किया जाए। ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन सरकार से मांग करती है कि कर्मचारियों की मांगों का जल्द से जल्द वार्ता करके समाधान किया जाए ताकि गांव में सफाई का कार्य हो सके अगर सरकार वार्ता के द्वारा समाधान नहीं करेगी तो आंदोलन को तेज किया जाएगा। ग्रामीण सफाई कर्मचारियों के आंदोलन को समर्थन के सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ब्लॉक कमेटी खरखौदा के प्रधान प्रतीक व अन्य कर्मचारियों ने समर्थन किया।
