लाडवा में गोलियां बरसाने वाले शूटर मुठभेड़ में काबू
शूटर के पैरों में लगी गोलियां, इंस्पेक्टर प्रतीक की टीम ने दबोचा
कुरुक्षेत्र (सच कहूँ ब्यूरो)। Kurukshetra News: पिछले दिनों लाडवा में एजुकेशन इंस्टीट्यूट के चेयरमैन रजनीश बंसल के घर पर फायरिंग करने वाले मुख्य शूटर को सीआईए की टीम ने मुठभेड़ में काबू किया। मुठभेड़ में नोनी राणा गैंग के मुख्य शूटर अर्जुन निवासी कोसीकला जिला मथुरा, यूपी के दोनों पांव में गोलियां लगीं। अर्जुन को तुरंत लाडवा के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। फायरिंग में सीआईए की टीम में शामिल कांस्टेबल विकास को भी गोली लगी। गनीमत रही कि कांस्टेबल ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहनी हुई थी। दोनों ओर से 8 से 10 राउंड फायरिंग हुई। टीम ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर की बाइक और पिस्टल बरामद की।
सीआईए-1 के इंचार्ज प्रतीक कुमार ने बताया कि उनकी टीम मामले की छानबीन के लिए लाडवा में मौजूद थी। बीती रात करीब 10 बजे टीम को सूचना मिली कि हिनौरी रोड पर बगैर नंबर की बाइक पर संदिग्ध युवक घूम रहा है। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची। टीम ने उस युवक को घेर रोकने की कोशिश की। टीम को देखकर उस युवक ने फायरिंग शुरू कर दी। खुद का बचाव करते हुए टीम ने भी जवाबी कार्रवाई की।
दोनों तरफ से 8 से 10 राउंड गोलियां चलीं। इसमें एक गोली कांस्टेबल विकास कुमार को लगी। विकास कुमार ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहनी हुई थी, जिससे उसका बचाव हो गया। फायरिंग के दौरान टीम ने आरोपी को सरेंडर करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी की तरफ से फायरिंग नहीं रुकी, तो जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पांव में गोलियां लगीं। जख्मी होने पर टीम ने उसे काबू कर लिया और तुरंत लाडवा के सरकारी अस्पताल पहुंचाकर उसका इलजा शुरू करवाया।
15 अप्रैल आधी रात को चलाई थी गोलियां
बदमाश अर्जुन ने 15-16 अप्रैल की रात करीब 12 बजे अपने दूसरे साथी के साथ मिलकर चेयरमैन के घर पर 18 राउंड से ज्यादा फायर किए थे। फायरिंग में घर के शीशे चकनाचूर हो गए थे। इस दौरान रजनीश बंसल का कर्मी अंदर ही मौजूद थी। फायरिंग के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। फायरिंग से पहले अर्जुन ने घर के अंदर गेट से पर्ची फेंकी थी। इस पर्ची पर अंग्रेजी में शुभम पंडित, कार्तिक शर्मा, रुद्र बंसल जल्दी मिलते हैं, लिखा था।
इंचार्ज प्रतीक कुमार ने बताया कि आरोपी के कब्जे से बगैर नंबर की बाइक बरामद हुई है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद हुई है। फिलहाल आरोपी का इलाज चल रहा है। टीम जिला मोहाली के विशाल और अरुणवीर को पहले गिरफ्तार कर चुकी हैं। अर्जुन को फिट होने के बाद उसे गिरफ्तार किया जाएगा।