Sirsa News: सरसा को नशा मुक्त करने का प्रशासन ने तैयार किया सख्त एक्शन प्लान

Published On

सरसा(सच कहूँ/सुनील वर्मा)। जिले को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से वीरवार को लघु सचिवालय स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में नारकोटिक्स कोआॅर्डिनेशन कमेटी की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त शांतनु शर्मा ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण मौजूद रहे। डबवाली की पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुईं। बैठक में नशा मुक्त अभियान के तहत चल रही गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नशे के खिलाफ अभियान को और अधिक तेज करते हुए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं। Sirsa News

युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए महाविद्यालय स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान देकर सम्मानित किया जाएगा, जिससे उनमें सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और जागरूकता बढ़ेगी। इसके अलावा, मेडिकल स्टोरों की नियमित और औचक जांच करने के निर्देश दिए गए, ताकि अवैध रूप से नशीली दवाइयों की बिक्री पर रोक लगाई जा सके।

उपायुक्त ने गांवों में नशे के कारोबार से जुड़े लोगों पर कड़ी निगरानी रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नशा मुक्ति के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए अधिक से अधिक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्यवान ढिलौड, उप सिविल सर्जन डॉ. पंकज शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे। Sirsa News

About The Author

Related Posts