Sonipat Heat Wave: सोनीपत में हीटवेव से बचाव के लिए प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी, सुझाव के बिंदुओं को जारी कर उपाए अपनाने का दिया सुझाव

सोनीपत में हीटवेव से बचाव के लिए प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी, सुझाव के बिंदुओं को जारी कर उपाए अपनाने का दिया सुझाव

Published On

  खरखौदा, सच कहूं ।  उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ते तापमान और आगामी दिनों में संभावित हीट वेव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं तैयार है। जिला प्रशासन द्वारा आमजन के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों को हीट वेव से बचाव एवं राहत कार्यों के लिए व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। हरियाणा सरकार एवं राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार जिले में सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

      उपायुक्त ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग को जिले के सभी सरकारी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त दवाइयों, ओआरएस पैकेट, बर्फ, पेयजल, कूलर एवं बिजली बैकअप की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए विशेष वार्ड एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने को कहा गया है। साथ ही एंबुलेंस सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने तथा चिकित्सकीय स्टाफ को हीट वेव से संबंधित बीमारियों के उपचार के लिए प्रशिक्षित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग को स्कूलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। स्कूलों में पर्याप्त पेयजल, वेंटिलेशन एवं पंखों की व्यवस्था सुनिश्चित करने, विद्यार्थियों को नियमित रूप से पानी पीने के लिए प्रेरित करने तथा अत्यधिक गर्मी के दौरान बाहरी गतिविधियों को सीमित रखने को कहा गया है। अध्यापकों को भी बच्चों में हीट स्ट्रोक या डिहाइड्रेशन के लक्षणों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।   उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा हीट वेव से बचाव को लेकर व्यापक जन जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। इसके तहत गांवों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं शहरी क्षेत्रों में लोगों को हीट वेव से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया जाएगा। उन्होंने आमजन से प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की। क्या करें:-

  •  अधिक से अधिक पानी एवं तरल पदार्थों का सेवन करें।
  •  घर से बाहर निकलते समय सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढकें।
  •  हल्के रंग के सूती एवं ढीले कपड़े पहनें।
  •  ह्रक्रस्, नींबू पानी, छाछ एवं फलों के रस का सेवन करें।
  •  बच्चों, बुजुर्गों एवं बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें।
  •  धूप में कार्य करने वाले लोग समय-समय पर छांव में आराम करें।
  •  शरीर में कमजोरी, चक्कर या अत्यधिक प्यास महसूस होने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।

क्या न करें:-

  •  दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक अनावश्यक रूप से धूप में बाहर न निकलें।
  •  खाली पेट घर से बाहर न जाएं।
  •  अधिक गर्म एवं बंद वाहनों में बच्चों या बुजुर्गों को अकेला न छोड़ें।
  •  अत्यधिक गर्मी में ज्यादा मेहनत वाले कार्य लगातार न करें।
  •  खराब या खुले में रखे खाद्य पदार्थों का सेवन न करें।
  •  शरीर में तेज बुखार, उल्टी, बेहोशी या सांस लेने में दिक्कत होने पर लापरवाही न बरतें।

About The Author

Related Posts