यमुना के जलस्तर में 87 सेंटीमीटर की वृद्धि, 22131 क्यूसेक पानी छोड़ा
कैराना में यमुना का जलस्तर बढ़ा
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कैराना में यमुना के जलस्तर में 87 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं, शनिवार को हथिनीकुंड बैराज से अधिकतम 22,131 क्यूसेक पानी यमुना नदी में प्रवाहित किया गया है। पहाड़ी व मैदानी क्षेत्रों में निरन्तर हो रही बारिश के चलते हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में पानी छोड़े जाने के सिलसिले में वृद्धि हुई है।
शुक्रवार प्रातः आठ बजे बैराज से यमुना नदी में अधिकतम 24,470 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया था, जिसके चलते शनिवार को कैराना में यमुना नदी के जलस्तर में 87 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई। यमुना नदी का जलस्तर 227.97 मीटर से बढ़कर 228.84 मीटर पर पहुंच गया। वहीं, शनिवार प्रातः आठ बजे हथिनीकुंड बैराज से यमुना में अधिकतम 22,131 क्यूसेक पानी यमुना नदी में प्रवाहित किया गया, जबकि शाम चार बजे 13,575 क्यूसेक जल यमुना में डिस्चार्ज किया गया। बैराज से छोड़ा गया पानी 24 घंटे में कैराना पहुंच जाएगा।
हालांकि इस पानी से यमुना के बहाव में वृद्धि होने की संभावना नही है। उधर, ड्रेनेज विभाग के अवर अभियंता आशु कुमार ने बताया कि हथिनीकुंड बैराज से शनिवार प्रातः आठ बजे अधिकतम 22,131 क्यूसेक पानी यमुना में प्रवाहित किया गया है। इस पानी से क्षेत्र में यमुना के बहाव में वृद्धि होने की संभावना काफी कम है। यमुना का जलस्तर बढ़ने से फिलहाल खतरे की कोई बात नही है। यमुना ब्रिज पर लगे सूचकांक के अनुसार चेतावनी बिंदु 231.000 मीटर व खतरे का निशान 231.500 मीटर पर निर्धारित किया गया है।
5.jpg)