भाजपा सदस्यों को छोड़कर मुख्यमंत्री भगवंत मान सहित सभी विधायकों ने ली शपथ

Published On

चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज) पंजाब की 16 वीं विधानसभा का पहला सत्र वीरवार को नवनिर्वाचित विधायकों को विधानसभा की सदस्यता की शपथ दिलाये जाने के साथ शुरू हुआ। डॉ. निज्जर को बुधवार को राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने प्रोटेम स्पीकर की शपथ दिलाई थी। डॉ. निज्जर ने मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) सहित सभी सदस्यों को शपथ दिलाई जिनमें कांग्रेस के 18 विधायक तथा आम आदमी पार्टी के 92 विधायक शामिल हैं। भारतीय जनता पार्टी के दो विधायक किन्हीं व्यक्तिगत कारणों से आज विधानसभा नहीं आ सके तथा 22 मार्च को वे शपथ लेंगे।

सदन में आज उन बड़े-बड़े दिग्गजों की कमी खल रही थी जो राजनीति में लंबी पारी खेल चुके हैं। पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, प्रकाश सिंह बादल,चरनजीत सिंह चन्नी,नवजोत सिंह सिद्धू ,सुखबीर सिंह बादल के अलावा बिक्रम मजीठिया सहित कांग्रेस तथा अकाली दल के कई नेता इस बार सदन तक नहीं पहुंच सके। सदन बसंती रंग में रंगा हुआ दिखाई दे रहा था।

ज्यादातर आप विधायक बसंती पगड़ी पहने थे। करीब 80 विधायक पहली बार विधानसभा की दहलीज तक पहुंचे उनमें गजब सा उत्साह दिखाई दे रहा था। कांग्रेस के चार बार विधायक बने प्रताप सिंह बाजवा पूरी फार्म में दिखाई दिये। उनका कहना था कि पंजाब पर कर्ज का इतना बोझ है कि सरकार को पेंशन तथा वेतन निकालना ही मुश्किल है। ऐसे में देखना यह है कि सरकार किस तरह वित्तीय संकट से प्रदेश को उबारने में कामयाब होती है। बड़ी-बड़ी बातें करना आसान है लेकिन जमीनी स्तर पर काम करने की जरूरत है।

सरकार के हर प्रदेश हित, जनहित के काम में उनकी पार्टी पूरा सहयोग करेगी और थोड़ा भी दांये- बांये सरकार चली तो वह विरोध करेंगे। शपथ दिलाने के बाद सदन की कार्यवाही सोमवार तक के लिये स्थगित कर दी गई। सत्र 22 मार्च तक चलेगा। उधर मुख्यमंत्री (Bhagwant Mann) ने कार्यभार संभालते ही पूरी फार्म में नजर आये तथा आज उन्होंने ट्वीट के जरिए कहा कि पंजाब के इतिहास में अब तक किसी ने ऐसा बड़ा फैसला नहीं लिया होगा जिसकी घोषणा आज होने जा रही है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts