Sim Card Theft: टेंडी वाला में लगे स्मार्ट मीटरों से सिम कार्ड चोरी, मामला दर्ज

सिम कार्ड की तस्करी करने का अंदेशा, जांच जारी

Sarvesh Kumar Picture
Published On

फिरोजपुर (सच कहूूँ/जगदीप सिंह)। Firozpur News: बीते दिनों फिरोजपुर के सीमावर्ती गाँव टेंडी वाला में लगे स्मार्ट मीटरों से सिम कार्ड की चोरी होने का मामला सामने आया था। इस मामले में अब थाना फिरोजपुर सदर में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सीमावर्ती इलाके से इस तरह स्मार्ट मीटरों से सिम कार्ड की चोरी होना हैरान करने वाली बात है, और यह मामला तस्करी से भी जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।

इस कारण इस मामले की गंभीरता को देखते हुए बिजली बोर्ड के अलावा पुलिस टीम और अन्य इंटेलिजेंस टीमें भी जांच में जुटी हैं। इस मामले से संबंधित उपभोक्ताओं से मिली शिकायतों के आधार पर सहायक इंजीनियर/संचालन सब अर्बन उप मंडल फिरोजपुर द्वारा की गई शिकायत के मुताबिक, दर्शन सिंह पुत्र ठाकर सिंह और जगतार सिंह पुत्र रेशम सिंह निवासी टेंडी वाला गाँव के स्मार्ट मीटरों से अज्ञात व्यक्तियों ने सिम कार्ड चुराए।

उधर, उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्हें बीएसएफ द्वारा बताया गया था कि इन मीटरों में सिम कार्ड होते हैं, जिनका विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए, फिर अगले दिन ही मीटरों से सिम कार्ड चोरी हो गए। और उसी रात हमारे इलाके में तीन ड्रोन भी आए थे। उन्हें शक है कि इन सिम कार्डों का उपयोग तस्करी के लिए किया गया होगा और उनका यह भी डर है कि यदि कोई गलत व्यक्ति इन सिम कार्डों का गलत उपयोग करता है, तो उसका खमियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ सकता है।

इस मामले में बिजली अधिकारियों का कहना है कि स्मार्ट मीटरों में सिम कार्ड होते हैं, जिनका पूरा डेटा और लोकेशन विभाग के पास रहता है, लेकिन इस सिम कार्ड का उपयोग मोबाइल में किया जा सकता है, इस बारे में जानकारी प्राप्त की जा रही है। मामले की जांच कर रहे एएसआई विनोद कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मामला दर्ज कर जांच की जा रही है, जिसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

About The Author

Related Posts