Bribe: लुधियाना अदालत में तैनात नायब कोर्ट रिश्वत लेते गिरफ्तार
10 हजार रुपये और ‘स्केचर्स’ जूतों की मांग की थी
- आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज, जांच शुरु
लुधियाना (सच कहूँ न्यूज)। Ludhiana News: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी मुहिम के तहत लुधियाना की अदालत में तैनात नायब कोर्ट (एएसआई) तरलोचन सिंह को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये नकद के साथ-साथ एक नामी ब्रांड ‘स्केचर्स’ कंपनी के जूतों की भी मांग की थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके खिलाफ पहले एक मामला दर्ज हुआ था, जिसके दौरान पुलिस ने उसकी लाइसेंसी पिस्तौल जब्त कर ली थी। पिस्तौल वापस दिलाने के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू करने पर आरोपी ने रिश्वत की मांग की। Ludhiana News
शिकायतकर्ता ने आरोपी के साथ हुई पूरी बातचीत रिकॉर्ड कर विजिलेंस ब्यूरो रेंज लुधियाना को सौंप दी। प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को 10 हजार रुपये और स्लेटी रंग के स्केचर्स जूते दिए, दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में विजिलेंस टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। विजिलेंस ब्यूरो पुलिस स्टेशन लुधियाना में आरोपी तरलोचन सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या आरोपी पहले भी इस तरह से अवैध वसूली करता रहा है। Ludhiana News
यह भी पढ़ें:– कांग्रेस नेता परमिंदर हत्याकांड सुलझा, दो आरोपी बिहार से काबू