Punjab
विधायक भराज ने गांव फतेहगढ़ छन्ना में आधुनिक लाइब्रेरी का नींव पत्थर रखा
25 लाख रुपये की लागत से तैयार होगी आधुनिक लाइब्रेरी
भवानीगढ़ (सच कहूँ/विजय सिंगला)। Bhawanigarh News: हलका संगरूर की विधायक नरिंदर कौर भराज द्वारा गांव फतेहगढ़ छन्ना में लगभग 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाली आधुनिक लाइब्रेरी का शिलान्यास किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने विधायक का स्वागत किया और गांव के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक नरिंदर कौर भराज ने कहा कि पंजाब सरकार शिक्षा क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और गांव स्तर पर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के विस्तार और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से इस प्रकार की परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह लाइब्रेरी गांव के विद्यार्थियों, युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगी। यहां विभिन्न विषयों से संबंधित पुस्तकों, समाचार पत्रों और पत्रिकाओं की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
निर्धारित समय में निर्माण पूरा करने के निर्देश: इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि लाइब्रेरी निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि गांववासियों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। समारोह में गांव के गणमान्य व्यक्ति, पंचायत सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
डिजिटल अध्ययन की भी होंगी सुविधाएं
विधायक ने बताया कि लाइब्रेरी में डिजिटल अध्ययन की आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी, ताकि विद्यार्थी तकनीकी माध्यमों से भी अपनी पढ़ाई को बेहतर बना सकें। साथ ही विद्यार्थियों के लिए शांत और अनुकूल अध्ययन वातावरण तैयार किया जाएगा, जिससे वे अपने लक्ष्य आसानी से प्राप्त कर सकें।
