गाँव लड्डा में नहरी पानी की पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू
3.5 करोड़ रुपये की राशि होगी खर्च
धूरी (सच कहूँ/रवि गुरमा)। Dhuri News: पंजाब लघु उद्योग और निर्यात निगम के चेयरमैन दलवीर सिंह ढिल्लों ने विधानसभा हलका धूरी के गाँव लड्डा में नहरी पानी की जमींदोज पाइपलाइन लगाने के महत्वपूर्ण प्रॉजैक्ट की शुरूआत करवाई। इस मौके पर बड़ी संख्या में इलाके के निवासी और किसान मौजूद थे। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रॉजैक्ट पर लगभग 3.5 करोड़ रुपये की लागत आएगी, जिसके तहत करीब 25 किलोमीटर लंबी जमींदोज पाइपलाइन बिछाई जा रही है। इसके अलावा किसानों की सुविधा के लिए 5 मोघे भी लगाए जाएंगे, जिससे नहरी पानी की सप्लाई और अधिक सुचारू और समय पर सुनिश्चित की जा सकेगी।
ढिल्लों ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार किसानों की भलाई को सबसे अधिक प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि हर खेत तक पानी पहुँचाना सरकार का मुख्य लक्ष्य है और इसी दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस तरह के प्रॉजैक्ट्स से न केवल पानी की बचत होगी, बल्कि खेतों तक पानी की बराबर वितरण भी सुनिश्चित होगी। जमींदोज पाइपलाइन सिस्टम से पानी की बर्बादी घटेगी और किसानों को सिंचाई के लिए आसान सुविधा प्राप्त होगी।
