नोहरे से 20 क्विंटल ग्वार चोरी, वारदात सीसीटीवी फुटेज में कैद, चार नामजद

Published On

हनुमानगढ़। जिले के संगरिया क्षेत्र में नोहरे में रखा ग्वार टाटा एस वाहन के जरिए चोरी कर ले जाने का मामला सामने आया है। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पंचायत में ग्वार लौटाने का आश्वासन देने के बावजूद आरोपियों के मुकर जाने पर पीड़ित ने पुलिस में मामला दर्ज कराया है। Hanumangarh News

पुलिस के अनुसार गांव नुकेरां के वार्ड चार निवासी राजेन्द्र कुमार पुत्र फुलाराम महिया ने रिपोर्ट दी कि उसके घर के पास स्थित नोहरे में करीब 50 क्विंटल ग्वार रखा हुआ था। पांच फरवरी की रात करीब 10 बजे विशाल पुत्र निर्मल वाल्मीकि, प्रमोद पुत्र गोपीराम मेघवाल, जोत निवासी किंगरा हाल नुकेरां तथा गुरविन्द्र सिंह उर्फ गोरा पुत्र जगसीर सिंह निवासी मालारामपुरा ढाणी, प्रमोद के टाटा एस वाहन में वहां पहुंचे। आरोप है कि चारों ने दीवार के ऊपर से करीब 20 क्विंटल ग्वार चोरी कर वाहन में भर लिया और प्रमोद के घर ले गए। छह फरवरी को नोहरे में जाकर देखने पर लगभग 20 क्विंटल ग्वार गायब मिला। गांव में पूछताछ करने के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, जिसमें चारों आरोपी ग्वार चोरी करते नजर आए। फुटेज में वारदात से पहले मोटर साइकिल पर रैकी करते हुए भी दिखाई दिए।

पीड़ित के अनुसार जसविन्द्र सिंह, राजीव बिस्सू और आत्माराम बिस्सू की मौजूदगी में पंचायत हुई, जिसमें आरोपियों ने चोरी स्वीकार करते हुए ग्वार लौटाने का आश्वासन दिया था। हालांकि बाद में टालमटोल करते रहे और अब ग्वार लौटाने से साफ इनकार कर दिया। संगरिया पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच एएसआई राजेन्द्र कुमार को सौंपी है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts